- होर्मुज में फिर एक जहाज पर हमला हो गया है, आरोप ईरान पर लगे हैं कि उसने ड्रोन अटैक किया है
- इसके बाद UN ने इस अहम समुद्री रास्ते में जंग की वजह से फंसे नाविकों को निकालने का काम फिलहाल रोक दिया है
- अच्छी बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या मरने की खबर नहीं है
होर्मुज में फिर एक जहाज पर हमला हो गया है. द न्यूयॉर्क टाइम्स और अमेरिका के दूसरे मीडिया संस्थानों ने रिपोर्ट में दावा किया है कि ईरान ने ही ड्रोन से एक कंटेनर जहाज पर हमला किया है. इस घटना के बाद होर्मुज में समुद्री आवाजाही को नियंत्रित करने वाली ईरानी एजेंसी ने एक चेतावनी भी जारी की है. वहीं हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र यानी UN ने तेल व्यापार के इस अहम समुद्री रास्ते में जंग की वजह से फंसे नाविकों को निकालने का काम फिलहाल रोक दिया.
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी (PGSA) ने X पर लिखा कि हमारे द्वारा तय किए गए नियमों के बाहर किसी भी रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को सुरक्षित यात्रा की गारंटी नहीं मिलेगी. PGSA ईरान द्वारा बनाया गया एक समुद्री नियामक संस्था है, जिसे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही को मैनेज करने और सुरक्षा के लिए बनाया गया है
UN ने नाविकों को निकालने का काम रोका
हमले के बाद समुद्री सुरक्षा के लिए जिम्मेदार UN की संस्था अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) के महासचिव आर्सेनियो डोमिंगेज ने घोषणा की कि जंग के कारण फंसे 600 जहाजों और उनके क्रू को निकालने का ऑपरेशन फिलहाल रोक दिया गया है. एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार आर्सेनियो डोमिंगेज ने एक बयान में कहा कि उन्होंने अभियान इसलिए रोका है ताकि यह दोबारा पुख्ता किया जा सके कि उनकी लिस्ट में शामिल जहाजों के लिए जरूरी सुरक्षा व्यवस्था अभी भी मौजूद है.
उन्होंने बताया कि जिस जहाज पर गुरुवार को हमला हुआ, वह IMO की निकासी योजना के तहत यात्रा नहीं कर रहा था. यानी वह फंसे नाविकों को लेकर जा रहा जहाज नहीं था. CNN की रिपोर्ट के अनुसार हमला ड्रोन से हुआ है. वहीं ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO ने कहा कि कंटेनर जहाज के दाईं ओर किसी अज्ञात चीज से हमला हुआ, जिससे जहाज का ब्रिज (जहाज का कंट्रोल रूम) क्षतिग्रस्त हो गया. अच्छी बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या मरने की खबर नहीं है.
होर्मुज पर कंट्रोल छोड़ने को तैयार नहीं ईरान
युद्ध के दौरान ईरान ने इस जलडमरूमध्य को लगभग पूरी तरह बंद कर दिया था, नाकेबंदी कर दी थी. इससे पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ा था. अब अमेरिका से शुरुआती डील (MoU) के बाद ईरान ने कहा कि वह होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से फीस (टोल) लेने की योजना बना रहा है. अब होर्मुज में ड्रोन हमलों की ऐसी घटनाओं से अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत मुश्किल हो सकती है. दोनों देश फरवरी के आखिर में शुरू हुई जंग को खत्म करने के लिए पहले एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर कर चुके हैं और अब अंतिम समझौता करने की कोशिश कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं