समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव रामपुर की जेल में बंद आजम खान से मिलने वाले हैं. उत्तर प्रदेश में होने वाले एमएलसी चुनाव से पहले इस मुलाकात को बड़ी सियासी हलचल माना जा रहा है.
अखिलेश और आजम के बीच यह मुलाकात 22 अक्टूबर को होने वाली है. बताया जा रहा है कि 22 अक्टूबर को अखिलेश रामपुर जाकर जेल में बंद आजम खान से मुलाकात करेंगे. इसके अलावा, अखिलेश यादव उनकी पत्नी तंजीम फातिमा से मिलने उनके घर जाएंगे.
22 अक्टूबर को आजम खान से मुलाकात होगी और उसके अगले ही दिन 23 अक्टूबर को यूपी की 11 एमएलसी सीटों के लिए वोटिंग होगी.
क्या ओवैसी का बयान है मुलाकात की वजह?
अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात की तारीख AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी के बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने अखिलेश पर मुस्लिम नेताओं पर नजरअंदाज करने का आरोप लगाया था.
ओवैसी ने एक रैली में अखिलेश यादव का नाम लिए आरोप लगाया था कि अगर सैफई का कोई यादव जेल में जाएगा तो भैया लखनऊ में चक्का जाम कर देंगे लेकिन कोई अब्दुल जेल में होगा तो उससे कहेंगे कि फिक्र मत करो, जैसे ही तुम जेल से निकलो हमको वोट डाल देना बस.
यह भी पढ़ेंः अखिलेश यादव 26 नवंबर को जारी करेंगे सपा का घोषणापत्र, कहा- संविधान दिवस को आएगा ‘जन-मन का मेनिफेस्टो'
17 नवंबर 2025 से जेल में बंद हैं आजम
आजम खान कई मामलों में आरोपी हैं. पिछले साल उन्हें जमानत मिल गई थी. लेकिन वह 17 नवंबर 2025 से रामपुर की जेल में बंद हैं.
रामपुर की एक अदालत ने आजम और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को पैन कार्ड से जुड़े दो मामले में 7-7 साल कैद की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उन्हें फिर जेल में डाल दिया गया था.
इससे पहले आजम खान 23 महीने तक जेल में बिताने के बाद 23 सितंबर 2025 को जेल से बाहर आए थे. इसके बाद पिछले साल ही 8 अक्टूबर को अखिलेश ने रामपुर जाकर आजम खान और उनके परिवार से मुलाकात की थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं