Gurugram News: दिल्ली-एनसीआर से सटे गुरुग्राम में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. वर्कशॉप में काम करने वाले दो कर्मचारियों के बीच मजाक-मजाक में हुई हरकत ने एक व्यक्ति की जान ले ली. आरोपी ने अपने साथी के प्राइवेट पार्ट में एयर गन/पाइप से हवा भर दी, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
गुरुग्राम से साहिल मनचंदा की रिपोर्ट...
भाई की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप के अनुसार, उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी मृतक के भाई ने पुलिस को शिकायत दी. उसने बताया कि उसका 38 वर्षीय भाई हरविंदर, जो गुरुग्राम के सेक्टर-82A में रहता था, एक वर्कशॉप में काम करता था.
7 अप्रैल को उसी वर्कशॉप में काम करने वाले एक व्यक्ति ने उसके भाई के गुदा में एयर गन/पाइप डालकर हवा भर दी. इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
शिकायत के आधार पर थाना खेड़की दौला, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 अप्रैल को आरोपी को रामपुरा से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान 40 वर्षीय नरेश कुमार के रूप में हुई है, जो राजस्थान के डींग जिले के खेडली गुर्जर का निवासी है.
शुरुआती जांच में क्या सामने आया?
खेड़की दौला थाना पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरविंदर और आरोपी नरेश एक ही वर्कशॉप में काम करते थे. मंगलवार को दोनों के बीच मजाक-मजाक में कहासुनी हो गई. इसी दौरान आरोपी ने एयर गन हरविंदर के गुदा में डालकर हवा भर दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई. इसके बाद हरविंदर को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
अस्पताल से मिली थी सूचना
गुरुग्राम पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली थी कि हरविंदर नामक व्यक्ति लड़ाई-झगड़े में घायल होकर भर्ती हुआ है. बाद में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां शव का निरीक्षण किया गया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया. साथ ही सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया.
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम: मां ने ढाई साल की बेटी का किया कत्ल, फिर कैंची से आत्महत्या की कोशिश