विज्ञापन

आर्मी के हेलीकॉप्टर से द‍िल्‍ली लाई गई किडनी, AIIMS ने मार्जिनल डोनर से क‍िया दूसरा डुअल किडनी ट्रांसप्लांट

डुअल किडनी ट्रांसप्लांट प्रक्रिया के तहत दोनों किडनी को प्राप्तकर्ता के दाहिने हिस्से में सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया गया. मरीज की रिकवरी बिना किसी समस्या के हुई और सामान्य किडनी कार्य के साथ 10 दिन बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई.

आर्मी के हेलीकॉप्टर से द‍िल्‍ली लाई गई किडनी, AIIMS ने मार्जिनल डोनर से क‍िया दूसरा डुअल किडनी ट्रांसप्लांट

नई द‍िल्‍ली: एम्स के सर्जरी डिपार्टमेंट ने नेफ्रोलॉजी, एनेस्थीसिया, ट्रांसप्लांट इम्यूनोलॉजी विभागों और अंग प्रत्यारोपण बैंकिंग संगठन- ORBO के सहयोग से 28 जुलाई 2026 को एक मार्जिनल डोनर से दूसरा डुअल किडनी ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक संपन्न किया. डोनर 70 वर्षीय महिला थीं, जो कमांड अस्पताल, चंडी मंदिर, चंडीगढ़ से थीं. उन्नत आयु और मार्जिनल डोनर की विशेषताओं को देखते हुए उपलब्ध अंगों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए एक सोची-समझी रणनीति के तहत दोनों किडनी एक ही प्राप्तकर्ता में प्रत्यारोपित की गईं.

अंगों को चंडीगढ़ से नई दिल्ली तक सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा त्वरित और सुरक्षित रूप से लाया गया. लगभग 12 घंटे के कोल्ड इस्कीमिया समय के बावजूद, प्रत्यारोपित दोनों किडनी ने सर्जरी के तुरंत बाद काम करना शुरू कर दिया, जो एक उत्कृष्ट प्रारंभिक परिणाम है. प्राप्तकर्ता 56 वर्षीय महिला थीं. डुअल किडनी ट्रांसप्लांट प्रक्रिया के तहत दोनों किडनी को प्राप्तकर्ता के दाहिने हिस्से में सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया गया. मरीज की रिकवरी बिना किसी समस्या के हुई और सामान्य किडनी कार्य के साथ 10 दिन बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई.

समन्वय और टीम वर्क

यह अंग प्रत्यार्पण आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल, नई दिल्ली के सहयोग और AIIMS के निदेशक प्रो. निखिल टंडन के मार्गदर्शन से संभव हो पाया. पूरी प्रक्रिया के दौरान अंग प्राप्ति, परिवहन और प्रत्यारोपण के सुचारू समन्वय में ORBO, AIIMS नई दिल्ली के ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर श्री बलराम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. 

  • शल्य चिकित्सा टीम का नेतृत्व*: प्रो. असुरि कृष्णा, डॉ. सुशांत, डॉ. आदित्य बक्शी, डॉ. बृजेश कुमार सिंह, डॉ. मोहित संगाडे. 
  •  नेफ्रोलॉजी टीम: प्रो. भौमिक, प्रो. महाजन, डॉ. सचिन. 
  • एनेस्थीसिया टीम: विभागाध्यक्ष प्रो. विमी रेवाड़ी के नेतृत्व में डॉ. हेना. 

चयनित मार्जिनल डोनर से डुअल किडनी ट्रांसप्लांट मृत दाता अंगों के उपयोग को बढ़ाने की एक महत्वपूर्ण रणनीति है. ऐसे मामलों में दोनों किडनी को एक ही प्राप्तकर्ता में लगाने से पर्याप्त गुर्दे का कार्य मिल सकता है और साथ ही ऐसे अंगों का उपयोग संभव हो पाता है जिन्हें डोनर की उम्र या अन्य कारणों से अस्वीकार किया जा सकता था.

AIIMS नई दिल्ली की यह उपलब्धि अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में उन्नति, मार्जिनल डोनर अंगों के अधिकतम उपयोग और एंड-स्टेज किडनी रोग से पीड़ित रोगियों के लिए जीवन रक्षक किडनी प्रत्यारोपण तक पहुंच बढ़ाने की संस्था की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

यह भी पढ़ें- 209 किलो का था विवेक, 14 दिनों में घटा 49 किलो वजन, दिल्ली एम्स में हुआ ये कमाल, 32 दिन तैयारी के बाद 2 घंटे चला ऑपरेशन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
AIIMS Delhi, Kidney Transplant, Delhi News, AIIMS News, Kidney Transplant India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com