अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के डॉक्टरों ने भारत में पहली बार गर्भ में पल रहे बच्चे की रीढ़ की हड्डी की खुली सर्जरी (Open Fetal Surgery) की है. चिकित्सकों ने 6 घंटे तक ऑपरेशन किया. इस दौरान गर्भ में ही बच्चे की रीढ़ की हड्डी में मौजूद उस हिस्से की मरम्मत की गई, जहां से दिमाग और रीढ़ की हड्डी के आसपास का तरल पदार्थ (Cerebrospinal Fluid) बाहर निकल रहा था.
एम्स न्यूरोसर्जरी विभाग में प्रो. (डॉ.) दीपक गुप्ता के अनुसार, सर्जरी के जरिए बच्चे की रीढ़ की हड्डी में मौजूद एक गंभीर जन्मजात बीमारी का इलाज किया गया. इस बीमारी को मायलोमेनिंगोसील (Myelomeningocele) कहा जाता है. इसमें बच्चे की रीढ़ की हड्डी ठीक से विकसित नहीं हो पाती और रीढ़ की हड्डी तथा उसके आसपास की झिल्ली बाहर की तरफ निकल आती है. इससे बच्चे को लकवा, दिमाग में पानी भरने और जीवनभर कई तरह की शारीरिक परेशानियां हो सकती हैं.
यह सर्जरी 12 नवंबर को की गई. उस समय बच्चा मां के गर्भ में 25 सप्ताह का था. इस जटिल ऑपरेशन की तैयारी में डॉक्टरों को पांच सप्ताह से ज्यादा का समय लगा. इसमें बच्चे की विस्तृत जांच, अल्ट्रासाउंड, मां की सेहत का आकलन, एनेस्थीसिया की तैयारी और सर्जरी का अभ्यास शामिल था.
मायलोमेनिंगोसील बीमारी क्या है?
मायलोमेनिंगोसील स्पाइना बिफिडा का सबसे गंभीर रूप है. यह जन्म से होने वाली बीमारी है. इसमें बच्चे की रीढ़ की हड्डी और नसों का विकास ठीक से नहीं हो पाता. रीढ़ की हड्डी में एक खुला हिस्सा रह जाता है, जिससे नसें बाहर की तरफ आ सकती हैं. इस बीमारी के कारण बच्चे को पैरों में कमजोरी या लकवा, चलने-फिरने में परेशानी और दिमाग में पानी भरने जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
एम्स मातृ एवं भ्रूण चिकित्सा विभाग में प्रोफेसर (डॉ.) के. अपर्णा शर्मा के अनुसार, आमतौर पर इस बीमारी का ऑपरेशन बच्चे के जन्म के बाद किया जाता है. लेकिन तब तक बच्चे की नसों को नुकसान पहुंच चुका हो सकता है. गर्भ में ही सर्जरी करने का मकसद जन्म से पहले नसों को और नुकसान से बचाना है.
गर्भ में सर्जरी से क्या फायदा हो सकता है?
चिकित्सकों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुए शोध में पाया गया है कि कुछ खास मामलों में बच्चे के जन्म से पहले सर्जरी करने से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं.MOMS नाम के एक अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में पाया गया कि गर्भ में सर्जरी कराने वाले 40 प्रतिशत बच्चों को जन्म के एक साल के भीतर दिमाग में पानी निकालने के लिए शंट लगाने की जरूरत पड़ी. वहीं, जन्म के बाद सर्जरी कराने वाले बच्चों में यह आंकड़ा 82 प्रतिशत था.
हालांकि, डॉक्टरों ने साफ किया है कि यह सर्जरी बीमारी का पूरी तरह इलाज नहीं है. इससे सभी तरह की परेशानियां खत्म होने की गारंटी नहीं है. गर्भ में सर्जरी के दौरान समय से पहले बच्चे का जन्म होने और मां के गर्भाशय पर निशान पड़ने जैसे जोखिम भी रहते हैं. इसलिए यह ऑपरेशन केवल चुनिंदा मामलों में विशेषज्ञ अस्पतालों में ही किया जाता है.
परिवार से नहीं लिया गया कोई पैसा
एम्स ने यह सर्जरी केंद्र सरकार की जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (JSSK) के तहत बिल्कुल मुफ्त की है. AIIMS के मुताबिक, अमेरिका में इसी तरह की सर्जरी, मां की देखभाल, डिलीवरी और नवजात शिशु के इलाज पर एक करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हो सकता है.
डॉ. दीपक गुप्ता के अनुसार, सर्जरी के बाद भी डॉक्टरों की टीम मां और बच्चे की सेहत पर लगातार नजर रखेगी. गर्भावस्था के बाकी समय, डिलीवरी और बच्चे के जन्म के बाद भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम निगरानी करेगी.
बीमारी से बचाव के लिए फोलिक एसिड जरूरी
डॉक्टरों ने यह भी बताया कि गर्भ में सर्जरी इस बीमारी का इलाज हो सकती है, लेकिन बचाव का विकल्प नहीं है. बच्चे की रीढ़ की हड्डी और नसों का शुरुआती विकास गर्भधारण के लगभग 28 दिनों के भीतर हो जाता है. कई बार तब तक महिला को अपनी प्रेग्नेंसी का पता भी नहीं होता. ऐसे में गर्भधारण से पहले फोलिक एसिड लेने की सलाह, खाने में फोलेट की पर्याप्त मात्रा और इस बीमारी की बेहतर निगरानी जरूरी है.
30 से ज्यादा डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी शामिल
ऑपरेशन में 30 से ज्यादा डॉक्टरों और नर्सों ने हिस्सा लिया. इसमें न्यूरोसर्जरी, गायनेकोलॉजी, मातृ एवं भ्रूण चिकित्सा, प्लास्टिक सर्जरी, एनेस्थीसिया और नवजात शिशु विभाग के विशेषज्ञ शामिल थे.
यह भी पढ़ें: साबरमती एक्सप्रेस में आग लगी नहीं, लगाई गई थी; सोनिया गांधी की किताब में दावे पर SIT चीफ ने उठाया सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं