- दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का आयोजन पुराना किला परिसर में होगा.
- भारत ने इस फोरम के लिए 25 देशों को निमंत्रण भेजा है, जिनमें पाकिस्तान को भी आमंत्रित किया गया है.
- गजेंद्र सिंह शेखावत ने पाकिस्तान के सिंधु घाटी सभ्यता पर दावे को खारिज कर दिया है.
पाकिस्तान सिंधु घाटी सभ्यता पर दावा नहीं कर सकता, क्योंकि पाकिस्तान तो 80 साल पहले ही अस्तित्व में आया है, जबकि सिंधु सभ्यता बहुत पुरानी है, जब दोनों देशों का बंटवारा नहीं हुआ था. भारत के केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यह बयान उस सवाल के जवाब में दिया है, जिसमें उनसे पूछा गया था कि पाकिस्तान सिंधु घाटी सभ्यता को अपना बता रहा है. मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दिल्ली में 20 से 22 नवंबर के बीच 'SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम' का आयोजन के संबंध में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया है. भारत ने इस आयोजन में शामिल होने के लिए पाकिस्तान को भी निमंत्रण दिया है, हालांकि पाक की तरफ से अब तक कोई जवाब नहीं आया है. यह आयोजन दिल्ली के पुराने किले में होगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे, इसमें भारत अपनी 5000 साल पुरानी सभ्यता की झलक दुनिया के सामने रखेगा.
पाकिस्तान का दावा किया खारिज
मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से जब सवाल किया गया कि पड़ोसी देश सिंधु घाटी सभ्यता को अपना बताने की कोशिश कर रहा है. इस पर उन्होंने कहा 'अगर कोई देश ऐसा दावा कर रहा है, तो सवाल ये है कि क्या वो तब था भी?. वे (पाकिस्तान) तो सिर्फ 80 साल पहले ही अस्तित्व में आए हैं. शेखावत ने कहा पाकिस्तान का सभ्यतागत और सांस्कृतिक विकास भारत से अलग नहीं है, क्योंकि 1947 में बंटवारे के बाद वह एक अलग देश बना. कम से कम इस पहलू पर तो मतभेद की कोई जगह नहीं होनी चाहिए, किसी भी देश के भू-राजनीतिक, रणनीतिक और द्विपक्षीय संबंध जैसे भी हों, सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने के लिए एक कदम आगे बढ़ाना चाहिए ताकि दोनों देशों के लोगों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय बन सके.' दरअसल, इस आयोजन से पहले पाकिस्तान ने यह दावा किया है कि सिंधु घाटी सभ्यता उसकी अपनी है.
ये वीडियो भी देखिए
भारत ने 25 देशों को भेजा न्योता
20 से 22 नवंबर तक दिल्ली में होने वाले आयोजन के लिए भारत की तरफ से 25 देशों को निमंत्रण भेजा गया है. जिनमें से 15 देशों ने अब तक अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है, इनमें चीन, ईरान, यूएई, सऊदी अरब और तुर्किए जैसे देश शामिल हैं. पाकिस्तान को भी निमंत्रण भेजा गया है, लेकिन अभी जवाब नहीं आया है. यह न्योता इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला मौका है जब नई दिल्ली ने पाकिस्तान को किसी कार्यक्रम में आमंत्रित किया है. क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी तरह की कोई बातचीत नहीं हुई है.
गजेंद्र शेखावत ने बताया कि पीएम मोदी ने 2025 में तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन में सभ्यता संवाद मंच बनाने का प्रस्ताव रखा था. इसे सभी देशों ने स्वीकार किया और भारत ने पहले मंच की मेजबानी का ऐलान किया है.
दिल्ली के पुराने किले में होगा आयोजन
यह आयोजन दिल्ली के पुराने किले में होगा. मंत्री ने कहा कि पुराना किला इस मंच के लिए सबसे सही जगह है. यहां हुई खुदाई में करीब 1200 ईसा पूर्व यानी 3200 साल पुरानी बस्तियों के सबूत मिले हैं. यहां सांस्कृतिक परतें मिली हैं जो भारत की प्राचीन सभ्यता की कहानी बताती हैं.
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
- सभ्यता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति
- कला और वास्तुकला
- भाषा, साहित्य, लिपि और पांडुलिपि परंपरा
- मठों के मार्ग
ये भी पढे़ंः 'PM फोन टैप नहीं करते....' राहुल गांधी के आरोपों पर सैम पित्रोदा का बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं