विज्ञापन

मनचाही सीट न मिले तो निराश न हों... सीट बंटवारे पर कांग्रेस को अखिलेश यादव का खुला खत

कांग्रेस के साथ सीट साझेदारी पर चल रही बातचीत के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों से ज्यादा जीत महत्वपूर्ण है. 

मनचाही सीट न मिले तो निराश न हों... सीट बंटवारे पर कांग्रेस को अखिलेश यादव का खुला खत
अखिलेश यादव ने सेट बंटवारे को लेकर और कांग्रेस पर बहुत बड़ा खत लिखा है.
  • अखिलेश यादव ने कांग्रेस को गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने हेतु सहयोग और गंभीर विचार-विमर्श करने की सलाह दी है
  • कांग्रेस की प्राथमिकताओं के आधार पर 26 सीटों पर दोनों दलों के बीच सहमति बन चुकी है
  • उन्होंने भावी प्रत्याशियों से कहा कि सीट न मिलने पर निराश न हों, क्योंकि सरकार बनने पर सभी को सम्मान मिलेगा

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच यूपी चुनाव के लिए चल रही सीटों की रस्साकशी दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है. एक तरफ बातचीत अभी किसी नतीजे पर नहीं है, लेकिन सपा ने उससे पहले ही पहली लिस्ट घोषित कर दी है. इसके अलावा खुद अखिलेश यादव ने एक्स पर एक खुला खत कांग्रेस के नाम लिखा है. इसमें उन्होंने सलाह दी है कि यदि मनचाही सीटें न मिल पाएं तो निराश न हों. सपा मुखिया ने पहली लिस्ट के साथ ही तेवर दिखा दिए हैं और कांग्रेस को 'पीडीए प्रत्याशी' वाला उपदेश भी दिया है. अखिलेश यादव ने लिखा है, 'हम चाहते हैं कि आप और हम जन-अपेक्षाओं व वास्तविकताओं को समझकर गंभीर विचार-विमर्श करें जिससे अधिकांश सीटों पर अपने ‘गठबंधन' की जीत सुनिश्चित हो'

उन्होंने लिखा कि जितनी सीटें आप-हम लड़ें उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों. जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि भावी प्रत्याशियों को भी ये समझना होगा कि हर सीट महत्वपूर्ण है, अगर किसी को सीट नहीं मिल पा रही है या मनचाही सीट नहीं मिल रही है तो निराश न हों.

26 सीटों पर बनी सहमति

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ सीट साझेदारी को लेकर एक लंबा संदेश जारी करते हुए गठबंधन की प्राथमिकता साफ कर दी है. उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है, जब दोनों पंथनिरपेक्ष दल मिलकर भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए साथ आए हैं. उन्होंने जोर दिया कि गठबंधन का मकसद केवल सीटों का बंटवारा नहीं, बल्कि अधिक से अधिक सीटों पर जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए.

अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस की ओर से प्राथमिकता के आधार पर जिन सीटों का प्रस्ताव दिया गया था, उनमें से 26 सीटों पर सहमति बन चुकी है. उन्होंने कांग्रेस से शेष संभावित सीटों की सूची साझा करने का आग्रह करते हुए कहा कि दोनों दल मिलकर यह तय करें कि किस सीट पर कौन सा उम्मीदवार जीत की बेहतर स्थिति में है. उनका मानना है कि जीत की संभावना को आधार बनाकर फैसला लेने से गठबंधन अधिक मजबूत होगा.

"जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी"

सपा प्रमुख ने कहा कि चुनाव में उम्मीदवारों को कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के बजाय ‘इंडिया गठबंधन' और ‘पीडीए प्रत्याशी' के रूप में पेश किया जाना चाहिए. उन्होंने लिखा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पीडीए के साथ जिस तरह सहयोग किया, उसी का परिणाम था कि भाजपा को कड़ी चुनौती मिली.

अखिलेश यादव ने अपने संदेश में कहा: "इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर, देश को गलत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं." उन्होंने आगे कहा: "जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी."

"सीट न मिले तो निराश ना हो"

अखिलेश ने सीट बंटवारे की जगह "सीट समायोजन" शब्द को प्राथमिकता देते हुए कहा कि कठिन सीटों पर दोनों दल आपसी चर्चा के बाद सबसे मजबूत उम्मीदवार का चयन करें. उन्होंने कहा कि गठबंधन में किसी पर उम्मीदवार नहीं थोपा जाना चाहिए, बल्कि सहमति के आधार पर प्रत्याशी तय होने चाहिए ताकि वोटों का बेहतर ट्रांसफर हो सके.

उन्होंने भावी प्रत्याशियों को भी महत्वपूर्ण संदेश दिया. अखिलेश ने कहा: "भावी प्रत्याशियों को भी ये समझना होगा कि हर सीट महत्वपूर्ण है, अगर किसी को सीट नहीं मिल पा रही है या मनचाही सीट नहीं मिल रही है तो निराश न हों."

उन्होंने आगे कहा कि अगर उनके दल के बड़े नेता ने कुछ फेरबदल या बदलाव किया है तो उसके पीछे सोच सरकार बनाने की है और सरकार बन गई तो सबको सम्मान-स्थान मिल जाएगा. हर बड़ा नेता अपनी बात का मान ख़ुद रखेगा, इतना विश्वास तो अपने नेताओं पर लोगों को रखना ही पड़ेगा. इस तरह जो चुनाव लड़ा जाएगा उसमें आपका-हमारा संगठन मिलकर कहेगा कि हम दोनों के मिलने से हमारी तैयारी 806 सीटों के बराबर की है.

यह भी पढ़ें | UP चुनावः सपा ने जारी की प्रत्याशियों की पहली लिस्ट, कांग्रेस की मांग वाली सीटों पर भी ऐलान; बढ़ाया दबाव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akhilesh Yadav, Samajwadi Party, Samajwadi Party - Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com