आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को श्री अकाल तख्त साहिब में जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज से मुलाकात की और 10 अक्टूबर की घटना पर कार्रवाई की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा. इस घटना में दिल्ली पुलिस के जवान जूते पहनकर और बिना सिर ढके गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में घुसे थे.
मीटिंग के बाद मीडिया से बात करते हुए आप विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर और कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि यह घटना बहुत बुरी है और इससे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है.
विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि गुरुद्वारे पारंपरिक रूप से शरण की जगह रहे हैं, जहां लोग शरण, शांति और लंगर छकने के लिए आते हैं. पुलिस जिन विद्यार्थियों का पीछा कर रही थी, वे गुरुद्वारा साहिब के परिसर में दाखिल हुए थे, लेकिन इससे पुलिस वालों को पवित्र परिसर में नंगे सिर और नंगे पैर घुसने का कोई अधिकार नहीं मिल जाता.
शिरोमणि अकाली दल के नेताओं और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी ) के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल लीडरशिप और एसजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी की चुप्पी गंभीर सवाल खड़े करती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं