- मनीष ने अपने पिता मनोहर पटेल से 90 लाख रुपये की फिरौती की मांग करते हुए अपहरण का नाटक किया था
- मनीष ने अपने दो साथियों की मदद से हासन के एक कमरे में रहकर इस नाटक को अंजाम दिया था
- RR नगर पुलिस ने मनीष और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है
एक अजीब मामले में, 40 साल के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने ही अपहरण का नाटक किया और अपने 62 साल के पिता से 90 लाख रुपये की मांग की. बाद में वह हासन में एक कमरे में अपने दो साथियों के साथ सोते हुए पकड़ा गया. RR नगर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य आरोपी की पहचान मनीष के तौर पर हुई है. उसने अपने पिता मनोहर पटेल को ही टारगेट किया था.
कैसे रची अपहरण की साजिश
बेंगलुरु पुलिस के मुताबिक, मनीष ने अपने पिता को बताया था कि वह पैसों के लेन-देन के सिलसिले में ट्रेन से गदग जा रहा है और अगली सुबह उन्हें फोन करेगा. अगली सुबह, मनोहर को अपने बेटे के नंबर से एक वाट्सअप कॉल आया. मनीष के दो साथियों ने कथित तौर पर उन्हें बताया कि मनीष का अपहरण कर लिया गया है और उसकी रिहाई के लिए 90 लाख रुपये की मांग की. कॉल से घबराकर मनोहर पुलिस के पास पहुंचे, जिसके बाद RR नगर पुलिस ने मनीष के मोबाइल फोन को ट्रैक करना शुरू किया. शुरू में फोन चालू था, लेकिन बाद में मनोहर को एक अलग नंबर से एक और कॉल आया, जिसमें पूछा गया कि क्या फिरौती की रकम का इंतजाम हो गया है?
कैसे पकड़ा गया
पुलिस ने दूसरे नंबर को ट्रैक करके हासन इलाके में एक कमरे का पता लगाया, जहां मनीष कथित तौर पर दो अन्य लोगों के साथ आराम से सो रहा था. पूछताछ के दौरान, पुलिस को पता चला कि मनीष ने अपने पिता से पैसे ऐंठने की कोशिश में अपने साथियों की मदद से अपहरण का नाटक रचा था. अब मामला दर्ज कर लिया गया है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्हें परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
क्यों किया ऐसा
बेंगलुरु के डीसीपी वेस्ट डिवीजन यतीश ने बताया, "यह फिरौती के लिए किया गया असली अपहरण नहीं था, बल्कि यह उसी व्यक्ति की बनाई योजना थी, जिसने अपहरण का दावा किया था... क्योंकि उसे कुछ पैसों की जरूरत थी, और चूंकि उसके पिता उसे जरूरी पैसे नहीं दे रहे थे, इसलिए उसने अपने माता-पिता से पैसे ऐंठने के लिए अपहरण का यह पूरा नाटक रचा. उसने एक बिज़नेस डील में कुछ पैसे गंवा दिए थे और वह अपना कर्ज चुकाना चाहता था, इसलिए वह अपने पिता से पैसे लेना चाहता था. इसी वजह से उसने यह योजना बनाई."
यह भी पढ़ें-
परगट सिंह कौन हैं, जिन्हें कांग्रेस ने बनाया पंजाब का अध्यक्ष, 1998 में मिला था पद्म श्री पुरस्कार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं