विज्ञापन

मयूरभंज में स्कूल का खाना खाने से 100 छात्र बीमार, उल्टी-दस्त से परेशान बच्चों को अस्पताल में कराया भर्ती

Mayurbhanj Students Food Poisoning: ओडिशा के मयूरभंज जिले में एक रेजिडेंशियल स्कूल में 100 से ज्यादा छात्र-छात्राओं की तबीयत खराब हो गई, जिन्हें रसगोविंदपुर के एक कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में भर्ती कराया गया है.

मयूरभंज में स्कूल का खाना खाने से 100 छात्र बीमार, उल्टी-दस्त से परेशान बच्चों को अस्पताल में कराया भर्ती
अस्पताल में फर्श पर लेटे छात्र.

Odisha Hindi News: ओडिशा के मयूरभंज जिले में स्कूल का खाना खाकर 100 से ज्यादा छात्र-छात्राओं की तबीयत खराब हो गई. पेट दर्द और उल्टी के चलते बच्चे तड़पने लगे. प्रभावित छात्रों को रसगोविंदपुर के एक कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते ही स्वास्थ्य अधिकारियों की एक टीम स्कूल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. 

स्कूल प्रशासन की ओर हुई लापरवाही की वजह से स्टूडेंट्स को यह परेशानी झेलनी पड़ रही है. रसगोविंदपुर ब्लॉक के काकाबंधा स्थित एक रेजिडेंशियल स्कूल में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग की वजह से 100 से ज्यादा छात्र बीमार पड़ गए.

पहले 60, फिर 40 से ज्यादा छात्र हुए बीमार

जानकारी के मुताबिक, स्कूल में रविवार को खाना खाने के बाद कम से कम 60 छात्र-छात्राओं को पेट दर्द, सिरदर्द और उल्टी जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हुई. बाद में, स्कूल के 40 से ज्यादा और छात्रों ने भी ऐसी ही परेशानी की शिकायत की. इसके बाद स्कूल प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी. छात्रों को अस्पताल पहुंचाया गया. साथ ही एक मेडिकल टीम भी स्कूल पहुंच गई.

लोगों ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल

स्थानीय लोगों ने स्कूल में खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं. मांग की जा रही है कि मिड-डे मील की नियमित जांच हो, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट से 24 घंटे में रिपोर्ट तलब की है. लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि बच्चों के इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

ये भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में दो स्कूल बसों की भीषण टक्कर, 12 से ज्यादा मासूमों को आई गंभीर चोटें; सामने आया VIDEO

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com