Lucknow Super Giants vs Gujarat Titans IPL 2026 Highlights: गुजरात टाइटंस ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 19वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. यह आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की चार मुकाबलों में दूसरी जीत रही. टीम फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर मौजूद है. वहीं, 4 में से 2 मुकाबले गंवाकर लखनऊ सुपर जायंट्स छठे स्थान पर है. रविवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने 8 विकेट खोकर 164 रन बनाए. इसके जवाब में गुजरात टाइटंस ने 18.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. (SCORECARD)
लखनऊ से मिले 165 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात के लिए साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की. सुदर्शन 14 गेंदों में 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद जोस बटलर ने गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 गेंदों में 84 रन की साझेदारी की. गिल 40 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बटलर ने 37 गेंदों में 11 चौकों के साथ 60 रन जुटाए. टीम ने 135 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे. यहां से वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 21) ने राहुल तेवतिया (नाबाद 10) के साथ चौथे विकेट के लिए 18 गेंदों में 30 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 8 गेंदें शेष रहते जीत दिलाई.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ को 14 के स्कोर पर मिचेल मार्श (11) के रूप में पहला झटका लगा. यहां से एडेन मार्करम ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ दूसरे विकेट के लिए 16 गेंदों में 31 रन जोड़े. पंत 11 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद मार्करम ने आयुष बडोनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 24 रन जोड़े. बडोनी 9 रन, जबकि मार्करम 21 गेंदों में 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद निकोलस पूरन ने अब्दुल समद के साथ पांचवें विकेट के लिए 37 गेंदों में 35 रन जुटाए. पूरन ने टीम के खाते में 19 रन का योगदान दिया, जबकि समद और मुकुल चौधरी ने 18-18 रन जुटाए. गुजरात के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने 28 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि अशोक शर्मा ने 2 विकेट निकाले. कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज ने 1-1 विकेट प्राप्त किया।
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थी दोनों टीमें
लखनऊ सुपर जाइंट्स (प्लेइंग इलेवन): मिशेल मार्श, एडेन मार्कराम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बडोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, दिग्वेश सिंह राठी, प्रिंस यादव
गुजरात टाइटंस (प्लेइंग इलेवन): साई सुदर्शन, शुबमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा
Live Updates of Gujarat Titans vs Lucknow Super Giants, IPL 2026 game, straight from Lucknow
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं