चीन में मनाया जा रहा है ‘विजिट इंडिया ईयर’

नई दिल्ली:

सरकार ने बुधवार को बताया कि चीन में वर्ष 2015 को ‘विजिट इंडिया ईयर’ के रूप में मनाया जा रहा है। पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने तरुण विजय के एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि चीन से भारत आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के मकसद से कई कदम उठाए गए हैं। शर्मा ने कहा कि भारत के विभिन्न पर्यटन केंद्रों और उत्पादों के प्रदर्शन और संवर्धन के लिए चीन में कई संवर्धनकारी कार्यकलापों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें स्थानीय प्रिंट, ऑनलाइन एवं आउटडोर मीडिया में विज्ञापन देना, यात्रा मेलों और प्रदर्शनियों में भागीदारी, रोड शो, सेमिनारों का आयोजन आदि शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि 2012 में 1,68,952 चीनी पर्यटक भारत आए जबकि 2013 में यह संख्या बढकर 1,74,712 हो गयी। उन्होंने कहा कि पर्यटन मंत्रालय ने पर्यटकों को गाइड करने के लिए अतुल्य भारत हेल्पलाइन की प्रायोगिक आधार पर स्थापना की है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com