Bengal, Assam Election 2021: कोविड-19 नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिये मतदान का समय एक घंटा बढ़ाया गया है.
- पश्चिम बंगाल में पहले चरण में पुरुलिया की 9, बांकुड़ा की 4, झाड़ग्राम की चार, पश्चिमी मेदिनीपुर की छह सीटों के अलावा पूर्वी मेदिनीपुर की अति महत्वपूर्ण सात सीटों पर मतदान हो रहा है जो भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है. मतदान के दौरान कोविड-19 नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है.
- अधिकारियों ने कहा कि इस क्षेत्र में मतदान के लिये सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गए हैं. चुनाव आयोग ने यहां केन्द्रीय बलों की लगभग 684 कंपनियों को तैनात किया है, जिनके पास 10,288 मतदान केन्द्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है. इसके अलावा महत्वपूर्ण स्थानों पर राज्य की पुलिस को भी तैनात किया गया है.
- भाजपा बंगाल के जंगलमहल क्षेत्र से अच्छे परिणाम की उम्मीद लगाए बैठी है. साल 2019 में हुए आम चुनाव में इस क्षेत्र की अधिकतर सीटों पर भाजपा को जीत हासिल हुई थी. इन 30 सीटों में से टीएमसी तथा भाजपा ने 29-29 सीटों पर जबकि वाम-कांग्रेस-आईएसएफ गठबंधन ने सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं.
- TMC पुरुलिया की जॉयपुर सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन कर रही है क्योंकि चुनाव आयोग ने खामियों के चलते उसके उम्मीदवार उज्जवल कुमार का नामांकन रद्द कर दिया था. BJP ने बागमंडी सीट झारखंड में अपने गठबंधन सहयोगी एजेएसयू के लिये छोड़ी है.
- झाड़ग्राम में प्रत्येक मतदान केन्द्र पर 11 अर्धसैनिक कर्मियों को तैनात किया गया है. राज्य में अब तक हुए किसी भी चुनाव में एक मतदान केन्द्र पर पहली बार इतने सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है. अधिकारियों के मुताबिक अन्य जिलों में प्रत्येक मतदान केन्द्र पर औसतन छह सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं.
- चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया, 'झाड़ग्राम के सभी 1,307 मतदान केन्द्रों को वाम चरमपंथ प्रभावित घोषित किया गया है. हमने मतदान केन्द्रों की निगरानी के लिये ही केन्द्रीय बलों की 127 कंपनियां तैनात करने का निर्णय लिया है.' पहले चरण में पुरुलिया और झाड़ग्राम जिलों की सभी सीटों पर चुनाव हो रहे हैं.
- बागमंडी सीट पर कांग्रेस के दिग्गज उम्मीदवार नेपाल मेहतो की किस्मत दांव पर लगी है जबकि फॉरवर्ड ब्लॉक ने देवरंजन मेहतो को उम्मीदवार बनाया है. एजेएसयू पार्टी की ओर से आशुतोष महतो उम्मीदवार हैं. टीएमसी से सुशांत महतो किस्मत आजमा रहे हैं.आधिकारिक सीट बंटवारे के अनुसार वाम-कांग्रेस-आईएसएफ के गठबंधन की ओर से इस चरण की 30 सीटों में से 18 सीटों पर वाम दलों, 10 पर कांग्रेस और दो पर आईएसएफ ने उम्मीदवार उतारे हैं.
- इसके अलावा इस चरण में सलबोनी सीट पर भी सबकी निगाहें होंगी, जहां CPM ने पूर्व मंत्री सुशांत घोष को मैदान में उतारा है. उनका मुकाबला BJP उम्मीदवार राजीव कुंडु और TMC उम्मीदवार श्रीकांत मेहता से होगा. घोष 1987 से लेकर 2016 तक इस सीट से विधायक रहे थे. वह कंकाल मिलने के मामले में जेल में थे. फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर हैं.
- वहीं, असम में पहले चरण के मतदान में मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, विधानसभा अध्यक्ष हीरेन्द्रनाथ गोस्वामी और असम की प्रदेश कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष रिपुन बोरा की किस्मत दांव पर है. इसके अलावा सत्तारूढ़ भाजपा तथा असम गण परिषद के कई मंत्रियों की भी किस्मत भी पहले चरण के मतदान के साथ ईवीएम में कैद हो जाएगी.
- असम में पहले चरण के चुनाव में अधिकतर सीटों पर सत्तारूढ़ बीजेपी-एजीपी गठबंधन, कांग्रेस नीत विपक्षी महागठबंधन और नवगठित असम जातीय परिषद (एजेपी) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं. राज्य में तीन चरणों में मतदान होने हैं. दूसरे चरण में 1 अप्रैल और तीसरे चरण में 6 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे. (भाषा इनपुट्स के साथ)
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Assembly Elections 2021, West Bengal Polls 2021, Assam Assembly Polls 2021, First Phase Of Bengal Polls, First Phase Of Assam Polls