विज्ञापन
This Article is From Sep 16, 2020

बिहार चुनाव: तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर की रोजगार से जुड़े सवालों की बौछार, कहा- जवाब दीजिए, वरना युवा देंगे करारा जवाब

तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर सवालों की बौछार करते हुए नीतीश कुमार से कहा है, "आदरणीय नीतीश कुमार जी, बेरोज़गारी के मुद्दे पर मुँह ना छिपाएं, बिहार के 7 करोड़ युवाओं के सीने में धधक रहे इन ज्वलंत सवालों का जवाब दें.

बिहार चुनाव: तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर की रोजगार से जुड़े सवालों की बौछार, कहा- जवाब दीजिए, वरना युवा देंगे करारा जवाब
  • नेता विपक्ष तेजस्वी यादव का सीएम नीतीश कुमार पर हमला
  • नौकरी संकट और खस्ताहाल उद्योग पर की सवालों की बौछार
  • बोले- 15 वर्षों के सुशासन के बावजूद क्यों लोग कर रहे पलायन?
पटना:

बिहार में चुनावी मौसम धीरे धीरे ज़ोर पकड़ रहा है. जहाँ एक और सता पक्ष हर दिन किसी ना किसी कार्यक्रम के बहाने अपनी उपलब्धियां गिनाने में जुटा है, वहीं विपक्ष ख़ासकर राष्ट्रीय जनता दल (Rashtriya Janta Dal) किसी ना किसी मुद्दे पर  रोजाना सवाल कर रहा है. बुधवार (16 सितंबर) को भी विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बेरोज़गारी से जुड़े कई सवाल पूछे. तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर सवालों की बौछार करते हुए नीतीश कुमार से कहा है, "आदरणीय नीतीश कुमार जी, बेरोज़गारी के मुद्दे पर मुँह ना छिपाएं, बिहार के 7 करोड़ युवाओं के सीने में धधक रहे इन ज्वलंत सवालों का जवाब दें. अगर वो जवाब नहीं देते हैं तो इस चुनाव में युवा करारा जवाब देंगे."

तेजस्वी ने एक बयान जारी कर कहा कि हम बेरोज़गारी, पलायन और उद्योग-धंधों से संबंधित निम्नलिखित सवाल बिहार सरकार से पूछना चाहते है:-

1. देश में सबसे अधिक बेरोज़गारी बिहार में क्यों है? 15 वर्षों की एनडीए सरकार बताए कि बिहार में IT कंपनियाँ क्यों नहीं बुलाई गयी? क्यों नहीं आयी और क्यों नहीं आ सकतीं ? बिहार में आईटी पार्क और SEZs क्यों नहीं बन सकते?

2. बिहार में केला, मकई, मखाना, चावल, गन्ना, आलू, लीची, आम इत्यादि अनेकों विश्व प्रसिद्ध अनाज, फल, सब्ज़ियों का इतना उत्पादन होता है तो फिर इन सभी से संबंधित खाद्य प्रसंस्करण उद्योग 15 वर्षों में क्यों नहीं लगाए गए और क्यों नहीं लग सकते? 15 वर्षों की सरकार जवाब दें?

3. बिहार दूसरे प्रदेशों जैसे आंध्र प्रदेश से मछली ख़रीदता है? 15 वर्षों की सरकार बताए कि बिहार में तमाम मछली उत्पादन संबंधित संसाधन होने के बावजूद यहाँ ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं विकसित की गई? बिहार में मछली उत्पादन को बढ़ावा देकर, यहाँ ज़िलावार मछली बाज़ार लगाकर मछुआरों की आमदनी और उत्पादन क्यों नहीं बढ़ा सकते?

4. 15 वर्षों की नीतीश सरकार बताए, बिहार में इंडस्ट्री स्पेसिफ़िक क्लस्टर क्यों नहीं लगाए जा सकते?

5. 15 वर्षों की सरकार बताए, बिहार में डेयरी प्रॉडक्ट्स यानि दुग्ध उत्पादन संबंधित बड़े उद्योग क्यों नहीं लगाए जा सकते? बिहार का दूध, घी, मक्खन, चीज, पनीर, खोया इत्यादि दूसरे प्रदेशों और देशों में क्यों नहीं भेजा जा सकता?

6. 15 वर्षों की सरकार बताए, उन्होंने बुनकर उद्योग, लघु उद्योग और हथकरघा उद्योग के लिए क्या किया? बड़े पैमाने पर इन उद्योग़ो को बढ़ावा क्यों नहीं दिया जा रहा?

7. बिहार में पर्यटन की असीम संभावनाएँ हैं। 15 वर्षों की सरकार बताए उन्होंने बिहार को अबतक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित क्यों नहीं किया?

8. सरकार विभिन्न विभागों में लंबित साढ़े चार लाख से अधिक रिक्तियों पर नियुक्तियाँ क्यों नहीं करती?

9. 15 वर्षों की सरकार नियुक्ति, भर्ती परीक्षा और प्रक्रिया को पारदर्शी तथा नियमित क्यों नहीं करती?

10. सरकार बिहार के स्थायी निवासियों के लिए 90 फ़ीसदी नौकरी आरक्षित करने का प्रावधान करने वाली हमारी डोमिसाइल नीति की माँग स्वीकार क्यों नहीं करती?

11. 15 वर्षों की सरकार बताए कि आपने 15 वर्षों में बिहार में कुल कितनी नौकरियाँ प्रदान की?‬‬‬
‬
12. 15 वर्षों में हुई कुल नियुक्तियों का ज़िलावार और वर्गवार आँकड़ा प्रस्तुत करें?‬

13. 15 वर्षों में बिहार से कुल कितना पलायन हुआ? बिहार में अप्रत्याशित दर से पलायन क्यों बढ़ रहा है?

14. 15 वर्षों में बिहार में कुल कितने उद्योग-धंधे और कल-कारख़ाने लगे?

15. 15 वर्षों में पहले से चालू कितनी चीनी मिल, जूट मिल, पेपर मिल एवं दूसरे उद्योग और कारख़ाने बंद हुए और उससे बिहार को कुल कितने राजस्व व रोज़गार के अवसरों की हानि हुई?

16. 15 वर्षों में बिहार का कुल कितने लाख करोड़ शिक्षा और चिकित्सा के नाम पर दूसरे प्रदेशों में गया?

17. बिहार के मानव संसाधन का कुल कितने प्रतिशत बिहार में और दूसरे प्रदेशों में कार्यरत है ?

तेजस्वी ने लिखा है, "आशा है बिहार के करोड़ो बेरोज़गार युवाओं के भविष्य से संबंधित इन अतिआवश्यक सवालों का जवाब मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अवश्य देंगे।"

वीडियो: विधानसभा चुनाव से पहले बिहार को सौगात

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Assembly Election 2020, Tejashwi Yadav, Tejashwi Attacks On Nitish, RJD
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com