विज्ञापन
This Article is From Aug 31, 2020

सुशांत केस : ED ने गोवा के होटल कारोबारी से की पूछताछ, रिया चक्रवर्ती से चैट की बात सामने आने पर तलब

अभिनेता की मौत की परिस्थितियों से जुड़े मामलों की जांच कर रही तीसरी केंद्रीय एजेंसी एनसीबी पूरे ड्रग सिंडिकेट नेटवर्क, आपूर्तिकर्ताओं और मुंबई व कुछ निकटवर्ती पश्चिम भारतीय राज्य जैसे गोवा में उनके कूरियर की जांच कर रही है.

सुशांत केस : ED ने गोवा के होटल कारोबारी से की पूछताछ, रिया चक्रवर्ती से चैट की बात सामने आने पर तलब
मुंबई:

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मौत से संबंधित धनशोधन के एक मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को गोवा स्थित होटल कारोबारी गौरव आर्या से पूछताछ की. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक, जांच एजेंसी के यहां बलार्ड एस्टेट इलाके में स्थित कार्यालय पर सुबह करीब साढ़े 10 बजे आर्या अपने वकीलों के साथ पेश हुए. अधिकारियों ने कहा कि ईडी ने पिछले हफ्ते आर्या को जांच में शामिल होने के लिये तलब किया था. 

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत और उनकी लिव-इन पार्टनर रिया चक्रवर्ती द्वारा 2017 में मोबाइल फोन पर उन्हें भेजे गए कुछ कथित संदेश मिलने और उनमें संभवत: कुछ प्रतिबंधित मादक द्रव्यों को लेकर चर्चा के बाद जांच दल ने आर्या को तलब किया था. 

अधिकारियों ने कहा कि जांच एजेंसी धनशोधन निरोधक अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज करेगी. गोवा में दो होटल चलाने वाले आर्या ने हाल ही में समाचार चैनलों से कहा था कि वह कभी मादक द्रव्यों के लेन-देन में नहीं रहा और रिया से उसकी आखिरी बातचीत करीब तीन साल पहले हुई थी और वह सभी “कानूनी प्रक्रियाओं का पालन” करेंगे. 

आर्या ने कहा था कि वह कभी सुशांत (34) से नहीं मिले थे. सुशांत 14 जून को मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित अपने फ्लैट में फंदे से लटकते पाए गए थे. 

ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जांच एजेंसी इस मामले में धन शोधन के नजरिये से जांच कर रही है और इसलिये ऐसे में इस मामले से जुड़े सभी लोगों से पूछताछ की जरूरत है जिससे तथ्यों को स्थापित किया जा सके और यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे कोई आपराधिक कोण तो नहीं है. ईडी ने रिया के दो मोबाइल फोन की ‘क्लोनिंग' के बाद कथित रूप से मादक द्रव्यों से संबंधित चैट मिलने पर हाल में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) को भी इसकी जानकारी दी थी. जांच एजेंसी ने पीएमएलए के तहत रिया का बयान पहले ही दर्ज कर लिया है. इनमें कथित रूप से प्रतिबंधित मादक द्रव्यों को हासिल करने के संकेत वाली चैट संबंधी पूछताछ भी शामिल है. 

मामले में मुख्य आरोपी रिया (28), उसके पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती, भाई शौविक और उसके तथा सुशांत के व्यक्तिगत कर्मचारियों से अब तक ईडी पूछताछ कर चुकी है. सीबीआई द्वारा सोमवार को चौथी बार रिया और सुशांत के लिये काम करने वाले कुछ अन्य लोगों से पूछताछ की गई. ईडी अब तक सुशांत की चार में से दो बहनों और उनके पिता के के सिंह से भी पूछताछ कर चुकी है. अधिकारियों ने कहा कि इस हफ्ते सुशांत और रिया से जुड़े कुछ और लोगों से पूछताछ होगी 

इस बीच, अभिनेता की मौत की परिस्थितियों से जुड़े मामलों की जांच कर रही तीसरी केंद्रीय एजेंसी एनसीबी पूरे ड्रग सिंडिकेट नेटवर्क, आपूर्तिकर्ताओं और मुंबई व कुछ निकटवर्ती पश्चिम भारतीय राज्य जैसे गोवा में उनके कूरियर की जांच कर रही है.

वीडियो: सुशांत केस : रिया से चौथे दिन पूछताछ, CBI के हाथ नहीं लगा कुछ खास

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sushant Singh Rajput Death Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com