घोटाला मुक्त भाजपा शासन कांग्रेस के लिए बड़ी समस्या : अमित शाह

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की फाइल फोटो

धर्मशाला:

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी समस्या है कि भाजपा के एक साल के शासन काल में कोई घोटाला नहीं हुआ है।

पार्टी की हिमाचल इकाई की कार्यकारिणी समिति को संबोधित करते हुए शाह ने कांग्रेस को सलाह दी कि भाजपा के खिलाफ निराधार आरोप नहीं लगाएं बल्कि ‘हमारी पार्टी की लोकप्रियता को स्वीकार करें, जिसके पास न केवल लोकसभा में बहुमत है बल्कि देश के 13 राज्यों में शासन कर रही है।’

उन्होंने भाजपा नेताओं से कहा कि मतभेदों को किनारे रखकर टीम के रूप में काम करें और हिमाचल से कांग्रेस को बाहर कर यहां स्थायी एवं लंबे समय तक चलने वाली भाजपा की सरकार बनाएं।

शाह ने कहा, ‘भारत को कांग्रेस मुक्त राष्ट्र बनाने के लिए हिमाचल में भाजपा की सरकार जरूरी है।’ उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य में पहले भी शासन किया है लेकिन वह लंबे समय तक नहीं चली। उन्होंने कहा, ‘हिमाचल को गुजरात, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के उदाहरण का अनुसरण करना चाहिए, जहां पार्टी ने सरकार बनाई और लगातार जीत हासिल की।’

उन्होंने दावा किया कि साल 1950 में सिर्फ 10 नेताओं से शुरू की गई पार्टी आज दस करोड़ लोगों का समूह है। उन्होंने कहा, ‘भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और अब हमारा मुख्य उद्देश्य शीर्ष स्थान को बनाए रखना है।’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा, ‘हम इन 10 करोड़ सदस्यों को सक्रिय कार्यकर्ता बनने के लिए भी कहेंगे। यह महासंपर्क अभियान इस साल अक्टूबर में पूरा होगा।’ शाह ने गुरुवार को शुरू हुई पार्टी की दो दिवसीय कार्यकारी समिति की बैठक में पार्टी की वेबसाइट और पत्रिका की शुरुआत की।