लोकसभा चुनाव 2019: कांग्रेस बोली- प्रियंका के आने से तीन महीने में पलट जाएगा पासा, तो भाजपा ने दिया यह जवाब

राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने से तीन महीने के भीतर पासा पलट जाएगा.

लोकसभा चुनाव 2019: कांग्रेस बोली- प्रियंका के आने से तीन महीने में पलट जाएगा पासा, तो भाजपा ने दिया यह जवाब

प्रियंका गांधी और राहुल गांधी (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने से तीन महीने के भीतर पासा पलट जाएगा तो वहीं भाजपा बोली कि अगले चुनावी समर में इसका कोई असर नहीं पडे़गा. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को प्रियंका गांधी को पार्टी का महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी बनाने की घोषणा की थी. राहुल ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘उन्होंने उत्तर प्रदेश में नवनियुक्त प्रभारियों प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया को एक लक्ष्य दिया है. उनसे कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में अगले चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनानी है. 

प्रियंका की एंट्री से बिगड़ेगा यूपी का सियासी 'खेल': कांग्रेस के दांव से टीम मायावती को नुकसान या बीजेपी को फायदा?

प्रियंका के राजनीति में प्रवेश ने समर्थकों में जोश भर दिया है. बनारस में समर्थकों ने पोस्टर लगाते हुए आगामी लोकसभा चुनाव में उन्हें यहां से प्रत्याशी बनाने का आग्रह किया है. बनारस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है. प्रियंका के अगले महीने से उत्तर प्रदेश में रोड शो की अटकलों के बीच पायलट ने कहा कि "यह कदम अगले तीन महीनों में पासा पलटने वाला साबित होगा." लोकसभा चुनाव इस वर्ष अप्रैल-मई में होने हैं. 

प्रियंका की एंट्री के बाद नए तेवर में कांग्रेस, आंध्र प्रदेश के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी 'एकला चलो' रणनीति पर फोकस

पायलट जयपुर साहित्य महोत्सव के पहले दिन यहां 'लोकतंत्र, स्वतंत्रता और राजनीतिक प्रक्रिया: भविष्य की तलाश' विषय पर आयोजित सत्र में बोल रहे थे. उधर, अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी में दौरे के दूसरे दिन यहां सालोन क्षेत्र में एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव को "पूरी ताकत" से लड़ेगी. राहुल ने खुद को, अपनी बहन और मां सोनिया गांधी को संसदीय क्षेत्र के लोगों का "सिपाही" बताया. 

केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा बोले- प्रियंका गांधी को लेकर मीडिया में कौतूहल है, पूर्वांचल की जनता में नहीं

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा,‘उत्तर प्रदेश में नवनियुक्त प्रभारियों प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया को एक लक्ष्य दिया है. उनसे कहा है कि उत्तर प्रदेश में अगले चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनानी है.' प्रियंका के साथ ही ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाने का ऐलान किया गया है. राहुल गांधी ने 2014 का लोकसभा चुनाव अमेठी से जीता था. वहीं उनकी मां सोनिया गांधी इससे सटी रायबरेली सीट से सांसद हैं. प्रियंका ने अभी तक खुद को भाई और मां के निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार तक सीमित रखा है. ये दोनों सीटें अब प्रियंका गांधी के प्रभार वाले क्षेत्र में हैं. नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र बनारस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ गोरखपुर भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में पड़ता है. 

प्रियंका गांधी को कांग्रेस में नई भूमिका पर इस बॉलीवुड एक्टर ने दी बधाई, लिखा- इस खबर से मेरी मां बहुत रोमांचित

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव हरीश रावत ने बृहस्पतिवार को प्रियंका गांधी वाड्रा को सक्रिय राजनीति में लाने के कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निर्णय का स्वागत किया और कहा कि इससे केंद्र में संप्रग के वापस आने का मार्ग प्रशस्त होगा. असम के प्रभारी रावत ने कहा, ‘प्रियंका गांधी वाड्रा का सक्रिय राजनीति में पदार्पण संभावनाओं से भरा हुआ है. मुझे विश्वास है कि इससे उत्तर प्रदेश में पार्टी पुनर्जीवित होगी और हर वर्ग के लोग उसी प्रकार कांग्रेस के पीछे खड़े हैं जैसे वे राहुल गांधी के आह्वान पर संप्रग दो का मार्ग प्रशस्त करने के लिये 2009 में खड़े थे.'

देहरादून में जारी एक बयान में उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी के नेतृत्व में हम एक बार फिर इतिहास लिखेंगे और एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन लायेंगे.' वहीं, भाजपा ने प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में प्रवेश से लोकसभा चुनाव पर कोई फर्क नहीं पड़ने का दावा किया. केंद्रीय मंत्री एवं उत्तरप्रदेश के गाजीपुर से सांसद मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रियंका की नियुक्ति कांग्रेस पार्टी द्वारा राज्य में कुछ महत्व हासिल करने का प्रयास है क्योंकि राज्य में कांग्रेस की स्थिति खस्ता है और बसपा-सपा ने भी गठबंधन में उसे कोई तवज्जो नहीं दी . 

सोशल मीडिया पर छाई प्रियंका की एंट्री: '... दहन करो मोदी की लंका, बहन प्रियंका-बहन प्रियंका'

मनोज सिन्हा ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि प्रियंका गांधी को महासचिव बनाये जाने के बारे में यहां चर्चा हो रही है लेकिन ऐसा लगता है कि उस क्षेत्र के लोग इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं जिस क्षेत्र का प्रभार उनकी पार्टी ने उन्हें दिया है.    भाजपा नेता ने इस बात पर बल दिया कि लोकसभा चुनाव में उनके (प्रियंका गांधी) आने का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा . उन्होंने शिवसेना द्वारा प्रियंका की प्रशंसा किये जाने को कोई तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि यह उस पार्टी का अपना विचार हो सकता है . सिन्हा ने कहा कि लोकसभा चुनाव अलग स्तर पर लड़े जाते हैं . उन्होंने जोर दिया कि मोदी सरकार ने अपनी जन कल्याण योजनाओं एवं विकास की राजनीति के जरिये 22 करोड़ परिवारों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है.    

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा के सक्रिय राजनीति में आने से उत्तर प्रदेश में भाजपा को ‘‘लाभ'' होगा. उन्होंने दावा किया कि इस कदम का उद्देश्य वोटों के बंटवारे से ‘सपा-बसपा गठबंधन को चुनौती देना है.'सुशील मोदी ने कटाक्ष किया कि उनकी नियुक्ति से उनके पति रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार के घोटाले ‘‘केंद्र-बिंदु'' पर आ जाएंगे, जिससे राजग का फायदा होगा.    

रायबरेली की जनता से बोले राहुल गांधी: अब एक नहीं, आपके 3 सिपाही हैं, महासचिव बनते ही प्रियंका आपके दर्शन करने आएंगी

सुशील ने पत्रकारों से कहा, ‘‘भाजपा बिल्कुल भी चिंतित नहीं है. ऐसा क्यों होना चाहिए जबकि उनका सक्रिय राजनीति में प्रवेश हमारी मदद करने जा रहा है. कांग्रेस, वोटों में बंटवारे की संभावना के साथ सपा-बसपा गठबंधन को चुनौती देने के लिए प्रियंका को लेकर आई है. यह अखिलेश यादव और मायावती को अपनी रणनीति पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर करने का एक हताश प्रयास है.''    सुशील ने कहा, ‘‘अगर भाजपा विरोधी वोटों में विभाजन होता है, तो भाजपा के अलावा और किसे फायदा होगा. इसके अलावा, प्रियंका को उनके पति रॉबर्ट वाड्रा के प्रतिनिधि के रूप में देखा जाएगा, जिनके नाम पर बड़े पैमाने पर घोटाले हुए हैं. उनके प्रवेश के साथ, रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले एक बार फिर सुर्खियों में आ जाएंगे.    

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

VIDEO- प्रियंका गांधी कांग्रेस की बनीं महासचिव