यह ख़बर 21 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

रुश्दी की जान पर खतरे के बारे में कोई जानकारी नहीं : महाराष्ट्र पुलिस

खास बातें

  • मुंबई पुलिस ने सलमान रुश्दी की उस बात का खंडन किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें मारने के लिए सुपारी दी गई है। हत्या के डर से रुश्दी ने जयपुर आने का फैसला टाल दिया।
मुंबई:

मुंबई पुलिस ने सलमान रुश्दी की उस बात का खंडन किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें मारने के लिए सुपारी दी गई है। हत्या के डर से सलमान रुश्दी ने जयपुर आने का फैसला टाल दिया था। रुश्दी ने कहा था कि यह जानकारी उन्हें महाराष्ट्र और राजस्थान की खुफियां एजेंसियों से मिली थी। मुंबई पुलिस ने एनडीटीवी को बताया है कि इस तरह कोई भी जानकारी उनकी तरफ से नहीं दी गई है।

मुंबई से भाड़े के गुर्गे से उनकी हत्या कराए जाने की आशंका संबंधी खुफिया जानकारी का हवाला देते हुए रुश्दी ने अपनी भारत यात्रा रद्द कर दी थी। इसके एक दिन बाद आज महाराष्ट्र पुलिस ने कहा कि उन्हें विवादास्पद लेखक को मिली ऐसी किसी धमकी के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक के सुब्रमण्यम ने कहा, ‘‘जब हमें इस बात की जानकारी ही नहीं है कि मुंबई के माफिया डॉन या भाड़े के गुर्गे सलमान रुश्दी को मारने करने की योजना बना रहे हैं, तब हम किस प्रकार से इसे किसी के साथ साझा करेंगे।" उन्होंने हालांकि कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि राजस्थान पुलिस ने रुश्दी को ऐसी कोई जानकारी दी होगी।

मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने भी रुश्दी को ऐसी कोई जानकारी देने से इनकार किया है। पुलिस उपायुक्त (अपराध) निसार तिम्बोली ने कहा, ‘‘हमारे पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है, जिसमें अंडरवर्ल्ड डॉन के रुश्दी को नुकसान पहुंचाने की बात सामने आई हो।’’ एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने कहा कि रुश्दी को केवल कट्टरपंथियों से खतरा है, अंडरवर्ल्ड से नहीं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

(इनपुट भाषा से भी)