कोलकाता:
कांग्रेस के पश्चिम बंगाल के नए मंत्रिमंडल में शामिल होने के फैसले के साथ ममता बनर्जी शुक्रवार को 43 सदस्यीय मंत्रिमंडल की प्रमुख के रूप में शपथ लेंगी। उनके मंत्रिमंडल में दिग्गजों को हराने वाले तथा समाज के विभिन्न तबकों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल में तृणमूल से 36 एवं कांग्रेस से सात मंत्री शामिल होंगे। तृणमूल के प्रमुख मंत्रियों में पार्थ चटर्जी शामिल होंगे जो पूर्व विधानसभा में विपक्ष के नेता रह चुके हैं। इसी पार्टी से प्रसिद्ध अर्थशास्त्री अमित मित्रा भी मंत्री बनेंगे, वह फिक्की के महासचिव रह चुके हैं। उनके अलावा कोलकाता के महापौर सुब्रत मुखर्जी अब मंत्री बनेंगे वह 1972 से 1977 के बीच सिद्धार्थ शंकर रे के नेतृत्व वाले कांग्रेस मंत्रिमंडल में मंत्री रहे थे। शुक्रवार को शपथ लेने वाले अन्य मंत्रियों में तृणमूल की राज्य इकाई के अध्यक्ष सुब्रत चटर्जी, सिंगूर के विधायक रवींद्रनाथ भट्टाचार्य, प्रख्यात रंगकर्मी भ्रत्य बसु तथा केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के पूर्व संयुक्त निदेशक उपेंद्र बिस्वास एवं भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी एचए सौफी भी शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर राजभवन के इर्द-गिर्द सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शपथ ग्रहण समारोह में राजनीति, व्यवसाय, कला और संस्कृति क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग शामिल होंगे। संयुक्त आयुक्त (मुख्यालय) जावेद शमीम ने बताया, "रायटर्स भवन के सामने स्थित राजभवन परिसर में हमने वरिष्ठ उपायुक्तों के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई दल को तैनात किया है।" राजभवन, शहीद मीनार और राज्य सचिवालय रायटर्स की इमारतों के दो किलोमीटर के दायरे में विशेष सुरक्षा बन्दोबस्त किए गए हैं। राज्यपाल एमके नारायणन ममता को राज्य की आठवीं और पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलवाएंगे। इस अवसर पर 3,200 लोगों को आमंत्रित किया गया है। मेहमानों की सूची में पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य और वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस भी शामिल हैं। तृणमूल के वरिष्ठ नेता पार्थ चटर्जी शपथ ग्रहण समारोह के लिए गुरुवार को खुद ही भट्टाचार्य को आमंत्रित करने उनके आवास पर गए थे। इसके अलावा निमंत्रण सूची में उद्योगपति जीपी गोयनका, एसके बिड़ला, दीपक खेतान और पवन रुइया शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12.55 बजे राष्ट्रगान के साथ प्रांरभ होगा। इसके बाद 1.01 बजे ममता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। यह कार्यक्रम तकरीबन सवा एक घंटे तक चलेगा।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
ममता, मंत्रिमंडल, शपथ