विज्ञापन
This Article is From May 17, 2013

कैसी 'महाभारत' : 'अर्जुन' बने वरुण गांधी का सारथी बना हिस्ट्रीशीटर

सुल्तानपुर: गांधी परिवार के सियासी गढ़ सुल्तानपुर में वरुण गांधी की महाभारत दिख रही है। पोस्टरों में रथ पर सवार होकर वरुण ने ताई सोनिया और भाई राहुल को ललकारा है। वरुण के सारथी हिस्ट्रीशीटर सोनू सिंह बने हैं जिन्हें बुधवार को बीजेपी में शामिल किया गया है।

शहर में ऐसे होर्डिंग्स लगा दिए गए हैं, जिनमें हिस्ट्रीशीटर सोनू सिंह कृष्ण बनकर रथ हांक रहे हैं और अर्जुन बने वरुण युद्ध कर रहे हैं।

दरअसल, वरुण गांधी ने गांधी परिवार के सियासी गढ़ सुल्तानपुर में रैली कर राहुल और सोनिया को ललकारा है। बीजेपी के गांधी वरुण यहां से चुनाव लड़ेंगे।

रैली में लगे होर्डिंग्स को देखकर लगा कि इस युग को कलियुग क्यों कहते हैं? होर्डिंग्स में देख सकते हैं कि हिस्ट्रीशीटर सोनू सिंह भगवान कृष्ण बने रथ हांक रहे हैं और वरुण गांधी अर्जुन बने युद्ध कर रहे हैं। क्या इनकी तुलना कृष्ण और अर्जुन से हो सकती है? लेकिन उस और इस महाभारत में एक समानता है कि वे भी अपनों से लड़ गए, ये अपनों से लड़ने आए हैं। हां, यह फर्क जरूर है कि अर्जुन के साथ कोई हिस्ट्रीशीटर नहीं था।

सोनू सिंह ने इस मौके पर कहा कि आने वाले संसदीय चुनावों में मैं तन-मन-धन से और पूरी निष्ठा से आदरणीय वरुण भइया का पूरे से पूरा सहयोग करूंगा और अपनी दोनों विधानसभाओं सुल्तानपुर और इसोली से भारी मतों से विजयी बनाने का प्रयास करूंगा। सुल्तानपुर शुरू से गांधी परिवार का गढ़ रहा है। अब तक आठ बार कांग्रेस ने यह सीट जीती है।

इस अवसर पर वरुण गांधी ने कहा, मेरे पिता का हाथ आपके हाथ में रहा है। आने वाले समय में आपका कष्ट अपना कष्ट समझकर काम करने की कोशिश करूंगा।

सोनू सिंह सुल्तानपुरी की इसोली सीट से चुनाव लड़े रहे हैं। यहां के थाने में उनकी हिस्ट्रीशीट खुली है, जिसके मुताबिक उनके भाई मोनू सिंह गैंगलीडर और वह खुद गैंग के सदस्य हैं।

इससे पहले वह सपा, बसपा और पीस पार्टी से चुनाव लड़ चुके हैं। वरुण को जंग के मैदाने में खुद गडकरी लेकर आए। इस जंग में अगर वह कांग्रेस को हरा देते हैं तो यह राहुल और सोनिया की भी हार होगी, क्योंकि राहुल सुल्तानपुर की अमेठी और सोनिया बगल के जिले रायबरेली से आती हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
वरुण गांधी, सोनू सिंह, हिस्ट्री शीटर, सुल्तानपुर में रैली, Varun Gandhi, Sonu Singh, Sultanpur
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com