- सुल्तानपुर में यूट्यूबर और अवधि सिंगर संजय यदुवंशी के घर पुलिस ने रात में बिना अनुमति घुसकर छापा मारा था.
- पुलिस पर आरोप है कि वे शराब के नशे में घर में घुसे और परिवार के सामने गाली-गलौज तथा अभद्रता की.
- संजय यदुवंशी के खिलाफ तीन अलग-अलग शिकायतकर्ताओं की तहरीर पर कुल तीन नए मुकदमे दर्ज किए गए हैं.
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में बीते कुछ दिनों से यूट्यूबर संजय यदुवंशी को लेकर माहौल गरमाया हुआ है. संजय यदुवंशी चर्चित अवधी सिंगर हैं. बीते दिनों संजय यदुवंशी के घर देर रात पुलिस ने छापा मारा था. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया. संजय यदुवंशी के परिवार का दावा है कि उस रात घर पहुंचे पुलिस के जवान गंदी-गंदी गालियां दे रहे थे. गेट बंद होने पर पुलिस के जवान चारदीवारी फांदकर संजय यदुवंशी के घर में घुसे थे. रात की घटना के बाद संजय यदुवंशी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ धरने पर बैठा था. पुलिस का कहना है कि इस दौरान संजय यदुवंशी के समर्थकों ने भारी उत्पात मचाया. भीमराव अंबेडकर की चित्र फाड़ दी. एक शिकायत में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर फाड़कर पैरों तले कुचलने का भी आरोप है.
संजय यदुवंशी के खिलाफ तीन और मामले दर्ज
सोशल मीडिया पर संजय यदुवंशी के मामले को लेकर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. जिसमें उनके घर रात में छापेमारी करने पहुंची पुलिस के साथ-साथ तिकोनिया पार्क में हुए प्रदर्शन के विजुअल भी है. अब संजय यदुवंशी के खिलाफ तीन और मामले दर्ज किए गए हैं. ये तीनों मुकदमे तीन अलग-अलग लोगों की शिकायत पर की गई है.
करीब 300 लोगों पर पुलिस ने दर्ज की FIR
पहला मुकदमा नगर पालिका कर्मचारी, दूसरा एक स्थानीय व्यक्ति तो तीसरा भारत विकास परिषद के अध्यक्ष की शिकायत पर दर्ज किए गए हैं. एक मामले में संजय यदुवंशी समेत 250 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. दूसरे में संजय समेत चार नामजद लोगों और तीसरे में संजय समेत 12 नामजद और 25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.
सोशल मीडिया पर थाना धम्मौर जनपद सुलतानपुर से सम्बन्धित एक वीडियो प्रसारित हो रहा है । जिसके सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी वल्दीराय श्री आशुतोष कुमार द्वारा दी गयी बाइटः- https://t.co/qv8IN1SZnt
— SULTANPUR POLICE (@sultanpurpolice) October 6, 2026
पुलिस पर रात में शराब के नशे में घर में घुसने का आरोप
पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. दूसरी ओर संजय यदुवंशी के परिवार ने एनकाउंटर की चिंता जताई है. संजय यदुवंशी के परिवार ने पुलिस पर रात में शराब के नशे में घर में घुसकर छापेमारी करने और महिलाओं के सामने गाली-गलौज और अभ्रदता का आरोप लगाया है.
दूसरी ओर संजय यदुवंशी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस से गुहार लगाई कि एक सिंगर को अपराधी क्यों बनाया जा रहा है? उसने यह भी कहा कि मुकदमे मुझपर हैं तो मुझे गिरफ्तार करो, मुझे सजा दो, मेरे परिवार को क्यों परेशान किया जा रहा है.
SHO धम्मौर हूं मुझे संजय यदुवंशी चाहिए लो इंस्पेक्टर साहब संजय यदुवंशी पुलिस के सामने है ले जाओ किसी के आत्मसम्मान से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए देश की जनता लोकतंत्र को समझती है https://t.co/Pp2ZgMoQxw
— उत्तम यादव (@uttamyadava) October 9, 2026
खान बाबा पर हमले से शुरू हुआ था विवाद
संजय यदुवंशी से जुड़े इस विवाद की शुरुआत सितंबर में कोतवाली नगर क्षेत्र के तुराबखानी निवासी खान बाबा पर हुए जानलेवा हमले से जुड़ी है. इस मामले में संजय यदुवंशी पर मुकदमा दर्ज हुआ था. सोमवार रात धम्मौर पुलिस ने उघड़पुर गांव के अहिरन का पुरवा स्थित संजय यदुवंशी के घर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस पर दीवार फांदकर घर में घुसने और परिजनों से गाली-गलौज करने के आरोप लगे.
जैसे सत्ताधारी, वैसे अधिकारी! नैतिकता की सीमा लांघकर, निजता का अतिक्रमण करनेवाली उप्र सरकार की पुलिस का ये ‘अपशब्द वचनीय मौखिक शारीरिक व्यवहार' किससे प्रेरित है, ये सब जानते हैं। अब पुलिस का ये ही कहना बाक़ी है कि ‘हम किसी नियम-क़ानून को मानने के मूड में नहीं है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) October 6, 2026
तिकोनिया पार्क में दिया था समर्थकों संग धरना
बताया गया कि गुरुवार को संजय ने इसी मामले में अंतरिम जमानत ली. इसके बाद शुक्रवार को उसने पुलिस कार्रवाई के विरोध में तिकोनिया पार्क में करीब पांच घंटे प्रदर्शन किया. जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. प्रदर्शन के दौरान संजय यदुवंशी ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपा. जिसमें ये चार मांगे की गई थी.
- धम्मौर थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाए.
- पहले दर्ज मुकदमे की दोबारा जांच की जाए.
- शिकायतकर्ता शबीब रजा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के आरोप में एफआईआर दर्ज हो.
- संजय पर दर्ज पुराने मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए.
संजय के पिता बोले- बेटों का हो सकता है एनकाउंटर
संजय के पिता ने कहा कि पुलिस मेरे दोनों बेटों का एनकाउंटर कर सकती है. दूसरी ओर सुल्तानपुर एसपी विनीत जायसवाल ने संजय यदुवंशी पर तीनों मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले दर्ज कर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें - सुल्तानपुर में पिता की हैवानियत: मासूम बेटी को बेरहमी से पीटा, नाले में डुबोया; आरोपी गिरफ्तार
इनपुट- दिनकर श्रीवास्तव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं