विज्ञापन
This Article is From Jun 10, 2017

मध्य प्रदेश : मंदसौर में स्थिति शांत, कर्फ्यू में 12 घंटे की ढील

कर्फ्यू में ढील के बाद बाजार खुले और लोग दूध और सब्जियां जैसी जरूरी चीजें इकट्ठी करने के लिए घरों से बाहर निकले.

मध्य प्रदेश : मंदसौर में स्थिति शांत, कर्फ्यू में 12 घंटे की ढील
आंदोलित किसान (फाइल फोटो)
मंदसौर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश में किसानों के आंदोलन के मुख्य केंद्र मंदसौर में स्थिति शनिवार को शांत बनी रही जबकि अधिकारियों ने सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक 12 घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दी. कर्फ्यू में ढील के बाद बाजार खुले और लोग दूध और सब्जियां जैसी जरूरी चीजें इकट्ठी करने के लिए घरों से बाहर निकले. जिला कलेक्टर ओ पी श्रीवास्तव ने बताया कि इलाके में स्थिति सामान्य हो रही और अभी तक किसी अप्रिय घटना की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है. जिले के पांच थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू में 12 घंटे की ढील दी गई.

बहरहाल, इलाके में इंटरनेट सेवा अब भी निलंबित है. छह जून को पुलिस की गोलीबारी में पांच लोगों के मारे जाने के बाद किसानों द्वारा किए प्रदर्शन के चलते यहां कर्फ्यू लगाया गया था.

श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘अगर स्थिति सामान्य रही तो कर्फ्यू कल हटाया जा सकता है.’’ किसान कृषि उत्पादों की बेहतर कीमत और ऋण माफी समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश में एक जून से यहां आंदोलन कर रहे हैं.

भोपाल से 300 किमी दूर मंदसौर-नीमच क्षेत्र से शुरू हुआ किसान आंदोलन राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में भी फैल गया. किसान घनश्याम धाकड़ (26) की पुलिस हिरासत में मौत होने के आरोप पर कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और किसी के भी दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी.

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने धाकड़ के साथ मारपीट की जिससे उसकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि मृतकों के परिवार वालों को एक करोड़ रुपए बतौर मुआवजा और उनके परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी, जैसा कि राज्य सरकार पांच अन्य पीड़ितों के लिए घोषित कर चुकी है. इससे पहले आज दिन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दशहरा मैदान में ‘शांति बहाली के लिये’ अनिश्चितकालीन उपवास पर बैठ गये. उन्होंने किसानों से वहां पहुंचने और अपनी बात रखने की अपील की है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhya Pradesh, Mandsaur, Curfew, Farmer Agitation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com