विज्ञापन
This Article is From Apr 25, 2017

गंगा-यमुना के बाद अब मध्य प्रदेश की नर्मदा भी बनेगी 'जीवित नदी', राजनाथ सिंह ने दिया सुझाव

गंगा-यमुना के बाद अब मध्य प्रदेश की नर्मदा भी बनेगी 'जीवित नदी', राजनाथ सिंह ने दिया सुझाव
शिवराज सिंह चौहान ने नर्मदा नदी संरक्षण के लिए 'नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा' शुरू की है (फाइल फोटो)
जबलपुर: मार्च महीने में उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने एक ऐतिहासिक फैसले में देश की दो पवित्र नदियों गंगा ओैर यमुना को ‘जीवित मानव का दर्जा’ देने का आदेश दिया था. इसके तहत इन नदियों को नुकसान पहुंचाने पर किसी इनसान को नुकसान पहुंचाने पर दी जाने वाली सजा का ही प्रावधान किया गया था.

उत्तराखंड के बाद अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के सुझाव पर राज्य में नर्मदा नदी को 'जीवित इकाई' घोषित किया है. इस नदी को नुकसान पहुंचाने वाले को जीवित इकाई के लिए तय प्रवधानों के अनुरूप दंडित किया जाएगा.

राज्य में नर्मदा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए चल रही 'नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा' के दौरान मंडला में केंद्रीय गृहमंत्री ने नर्मदा नदी को जीवित इकाई का दर्जा दिए जाने का प्रस्ताव विधानसभा में लाने का सुझाव दिया. इस पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में अब नर्मदा नदी को जीवित इकाई (लाइव एंटिटी) मानते हुए इसको नुकसान पहुंचाने वाले को जीवित इकाई के अनुरूप ही दंडित किया जाएगा. विधानसभा में इस संबंध में विधेयक पारित किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा मध्य प्रदेश की जीवन रेखा है. पेयजल, सिंचाई एवं बिजली के लिए समूचा प्रदेश नर्मदा पर निर्भर है. नदियों के जलस्तर में हो रही कमी चिंतनीय है, पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी. प्रकृति के संरक्षण के लिए सरकार के साथ समाज की सहभागिता आवश्यक है.

राजनाथ सिंह ने कहा कि नर्मदा सेवा यात्रा मध्य प्रदेश सरकार की ऐसी पहल है, जिसने समूचे विश्व का ध्यान केंद्रित किया है. यह यात्रा जनचेतना के लिए अब तक किए गए सभी अभियानों में मील का पत्थर साबित होगी.

उन्होंने कहा कि यात्रा का सराहनीय पक्ष यह है कि इसमें पर्यावरण संरक्षण के साथ साथ सामाजिक सरोकार की भी चिंता की गई है. 'नमामि गंगे' अभियान का जिक्र करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश की सभी नदियों को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया है, जिसके लिए 20 हजार करोड़ का प्रावधान किया जा रहा है.

(इनपुट आईएएनएस से भी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Living Entity To Narmada, Union Minister Rajnath Singh, Madhya Pradesh Government, Shivraj Singh Chouhan, Narmada Seva Yatra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com