विज्ञापन
This Article is From Apr 01, 2021

छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर घटाने की घोषणा पर सरकार का यू-टर्न, पुरानी दरें ही लागू रहेंगी

छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर घटाने की घोषणा बुधवार को हुई थी और अब इस योजना को गुरुवार को ही वापस ले लिया गया है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी है.

स्मॉल सेविंग्स स्कीम योजनाओं की ब्याज दर पर निर्मला सीतारमण ने दी जानकारी. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:

छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर घटाने की घोषणा पर केंद्र सरकार ने एक ही दिन में यू-टर्न ले लिया है. बुधवार को घोषित हुई इस योजना को गुरुवार को ही वापस ले लिया गया है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को ट्विटर पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया है कि इस घोषणा को वापस लेने के साथ पुरानी दरें ही लागू रहेंगी.

बता दें कि बुधवार को कई छोटी बचत योजनाओं और छोटी डिपॉजिट्स पर जून तिमाही के लिए ब्याज दरों को लेकर घोषणा की गई थी. इस घोषणा के तहत छोटी जमाओं पर भी वार्षिक ब्‍याज दर 4 फीसदी से घटाकर 3.5 फीसदी किया गया था. पर्सनल प्रोविडेंट फंड यानी PPF की ब्‍याज दर भी 7.1 से कम करके 6.4 प्रतिशत वार्षिक कर दिया गया था. एक साल की अवधि के जमा पर ब्‍याज दर को 5.5% से काम करके 4.4% कर दिया गया था, वहीं सीनियर सिटीजन सेविंग स्‍कीम के तहत ब्‍याज दर 7.4% से कम करके 6.5% कम दिया गया था.

हालांकि, आज सुबह वित्तमंत्री के ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बताया गया कि छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरें पिछली तिमाही के हिसाब से ही लागू रहेंगी और दरें घटाने का फैसला वापस ले लिया गया है.

बता दें कि छोटी बचत योजनाओं के लिए ब्याज दरों को वित्त मंत्रालय हर तिमाही के आधार पर जारी करता है. इससे पहले सरकार ने जनवरी-मार्च 2021 की तिमाही के लिये पीपीएफ और एनएससी सहित छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया था. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Finance Ministry, Small Savings Schemes, PPF
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com