विज्ञापन
This Article is From Aug 16, 2020

बिहार में चुनावी खेल शुरू, नीतीश कुमार ने उद्योग मंत्री श्याम रजक को हटाकर क्या संदेश दिया?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्याम रजक को मंत्रिमंडल से हटाने की अनुशंसा की, राज्यपाल ने बर्खास्त कर दिया, जेडीयू की प्राथमिक सदस्यता से भी निलंबित किया गया

बिहार में चुनावी खेल शुरू, नीतीश कुमार ने उद्योग मंत्री श्याम रजक को हटाकर क्या संदेश दिया?
बिहार के उद्योग मंत्री श्याम रजक को बर्खास्त कर दिया गया है.
पटना:

बिहार (Bihar) में रविवार को विधिवत रूप से चुनावी मौसम में ‘आया राम-गया राम‘ का खेल शुरू हो गया. इसकी शुरुआत आज दोपहर में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने हाल के वर्षों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थन में लगातार बयान देने वाले तीन विधायकों महेश्वर यादव, प्रेम चौधरी और फराज फातमी के निलंबन से की. वहीं शाम को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने वरिष्ठ दलित नेता और उनके मंत्रिमंडल में शामिल उद्योग मंत्री श्याम रजक (Shyam Rajak) को पहले पार्टी से निलंबित किया और उसके बाद उनकी अनुशंसा पर राज्यपाल ने उन्हें मंत्रिपरिषद से बाहर का रास्ता दिखा दिया.

हालांकि श्याम रजक ने रविवार को उनसे संपर्क करने वाले पत्रकारों को यह बात साफ कर दिया था कि सोमवार को वे खुद विधायक, मंत्री पद और पार्टी से इस्तीफ़ा दे देंगे. लेकिन नीतीश कुमार ने कार्रवाई कर एक तरह से उनके साथ मान मनौव्वल के लिए कोई संभावना नहीं छोड़ी. हालांकि दोनों तरफ के लोगों की मानें तो श्याम से नीतीश जहां हाल के दिनों में दलित समुदाय के मुद्दों पर लगातार बैठक और मीडिया में उसे प्रचारित करने से बहुत खुश नहीं थे. वहीं दूसरी और पार्टी में नंबर दो आरसीपी सिंह ने पार्टी में उन्हें दरकिनार करने का कोई मौका नहीं छोड़ा था. खासकर जिस फुलवारी शरीफ सीट का प्रतिनिधित्व श्याम 1995 से कर रहे हैं वहां अरुण मांझी को उन्होंने चुनाव की तैयारी करने की हरी झंडी दे दी थी. यह श्याम रजक को नागवार गुजर रहा था.

नीतीश कुमार ने श्याम रजक की राजद से बढ़ती नज़दीकी के बीच वरिष्ठ मंत्री विजेंद्र यादव को उनसे बात करने का ज़िम्मा दिया था लेकिन श्याम रजक के रविवार के रवैए से नीतीश कुमार को लगा कि कार्रवाई करने में ही भलाई है. हालांकि चिराग के हर दिन सरकार विरोधी बयान और अब श्याम जैसे लोगों के राजद के पाले में जाने के बाद नीतीश कुमार के पास भी जीतन राम मांझी को पार्टी में वापस लाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है. माना जा रहा है कि वे जल्द ही इस सम्बंध में घोषणा करेंगे.

बिहार की राजनीति में क्या चल रहा है चिराग पासवान और नीतीश कुमार के बीच?

उधर, राजद ने भी कार्रवाई शुरू कर एक तरह से जनता दल यूनाइटेड के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले विधायकों को मुक्त करना शुरू कर दिया है. माना जा रहा है कि आने वाले समय में एक-दूसरे के विधायकों को तोड़ने का खेल और तेज होगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Nitish Kumar, Shyam Rajak
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com