New Delhi:
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री और जज भी लोकपाल के दायरे में हों। अपने होम टाउन राघोगढ़ में उन्होंने कहा कि लोकपाल के दायरे में प्रधानमंत्री, न्यायपालिका, एनजीओ और कारोबारी घरानों को भी लाना चाहिए। लेकिन व्यवस्था ऐसी हो कि लोकपाल अपनी ताकतों का गलत इस्तेमाल नहीं कर सके। दिग्विजय सिंह ने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पद को संभालने के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पद को लोकायुक्त के दायरे में लाया था। कांग्रेस महासचिव ने एक बार फिर अपने बयान से सरकार को फंसा दिया है। लोकपाल बिल ड्राफ्टिंग कमेटी में शामिल सिविल सोसायटी के सदस्य भी प्रधानमंत्री और जजों को प्रस्तावित लोकपाल के दायरे में लाने की मांग कर रही है लेकिन सरकार इसके लिए तैयार नहीं है। दिग्विजय सिंह इससे पहले बाबा रामदेव से बात करने के लिए चार केंद्रीय मंत्रियों के दिल्ली एयरपोर्ट जाने को लेकर भी सरकार की आलोचना कर चुके हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
दिग्विजय सिंह, लोकपाल बिल, प्रधानमंत्री