विज्ञापन
This Article is From Feb 22, 2022

दिल्ली में शेष कोविड प्रतिबंध हटाए जाने की संभावना, डीडीएमए की बैठक शुक्रवार को

सप्ताहांत कर्फ्यू, मेट्रो ट्रेनों और बसों में आधी क्षमता में ही बैठने की अनुमति, मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों को बंद रखने जैसे कई प्रतिबंध हटाए जा चुके हैं

दिल्ली में शेष कोविड प्रतिबंध हटाए जाने की संभावना,  डीडीएमए की बैठक शुक्रवार को
प्रतीकात्मक फोटो.
नई दिल्ली:

दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की शुक्रवार को बैठक होने की उम्मीद है, जिसमें रात का कर्फ्यू, बार और रेस्तरां में आधी क्षमता में बैठने की अनुमति और रात आठ बजे तक गैर-जरूरी दुकानों को बंद करने सहित शेष कोविड प्रतिबंध हटाने पर चर्चा होगी. अधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है.

कोरोना वायरस के स्वरूप ‘ओमिक्रॉन' की वजह से आई तीसरी लहर के मंद पड़ने के साथ ही, सप्ताहांत कर्फ्यू, मेट्रो ट्रेनों और बसों में आधी क्षमता में ही बैठने की अनुमति, मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों को बंद रखने जैसे कई प्रतिबंधों को हाल में प्राधिकरण ने हटा दिया था.

मगर एक नगर निगम क्षेत्र में केवल एक साप्ताहिक बाजार की अनुमति, बसों और मेट्रो ट्रेनों में यात्री के खड़ा होकर यात्रा नहीं करने, रेस्तरां, बार और सिनेमाघरों में बैठने की क्षमता की 50 प्रतिशत की सीमा और शादी हॉल में शादियों को छोड़कर कोई गतिविधि नहीं होने जैसे कई प्रतिबंधों में अभी ढील नहीं दी गई है.

एक आधिकारिक सूत्र ने मंगलवार को बताया, “जनवरी में महामारी की चरम स्थिति की तुलना में कोविड के ताजा मामलों के साथ-साथ संक्रमण दर बहुत कम हो गई है. डीडीएमए की शुक्रवार को बैठक हो सकती है जिसमें शेष प्रतिबंध हटाने पर चर्चा होगी.”

डीडीएमए ने चार फरवरी को हुई अपनी बैठक में रात 10 बजे के बजाय रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक रात का कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi, DDMA Meeting, Covid Restrictions
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com