विज्ञापन
This Article is From Jun 16, 2013

कांग्रेस ने संगठन में किया फेरबदल, माकन, सोनी महासचिव बने

कांग्रेस ने संगठन में किया फेरबदल, माकन, सोनी महासचिव बने
Quick Reads
Summary is AI generated, newsroom reviewed.
अगले वर्ष होने जा रहे लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने रविवार को अपने संगठन में भारी फेरबदल किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबिका सोनी, अजय माकन, सीपी जोशी और गुरुदास कामत को महासचिव जबकि कई युवा नेताओं को सचिव बनाया गया है।
नई दिल्ली: अगले वर्ष होने जा रहे लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने रविवार को अपने संगठन में भारी फेरबदल किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबिका सोनी, अजय माकन, सीपी जोशी और गुरुदास कामत को महासचिव जबकि कई युवा नेताओं को सचिव बनाया गया है।

सोमवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल में अपेक्षित फेरबदल से पहले पार्टी ने संगठन में बदलाव किया है। फेरबदल में कुछ पार्टी महासचिवों और सचिवों को हटा दिया गया है।

पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी के सर्वोच्च नीति निर्धारण निकाय, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्लूसी) में भी बदलाव किया है। अध्यक्ष ने दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं वहां की अनुवीक्षण समिति भी तय कर दी है।

राहुल गांधी कांग्रेस के अग्रिम संगठनों युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के अलावा महिला कांग्रेस मोर्चा व सेवा दल के प्रभारी की पूर्व जिम्मेदारी का निर्वाह करते रहेंगे।

वर्षों तक उत्तर प्रदेश के प्रभारी रहे पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह को अब आंध्र प्रदेश की कमान सौंपी गई है और वे गोवा और कर्नाटक के भी प्रभारी रहेंगे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद को बिरेंदर सिंह की जगह दिल्ली का प्रभारी बनाया गया है। बिरेंदर सिंह को महासचिव पद से हटा दिया गया है।

दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में इसी वर्ष विधानसभा के चुनाव कराए जाएंगे। अहमद को हरियाणा, पंजाब और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का भी प्रभार दिया गया है।

महासचिव के रूप में उन्नत किए गए मोहन प्रकाश को मध्य प्रदेश के साथ-साथ महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया गया है।

बीके हरिप्रसाद महासचिव के रूप में बने रहेंगे और छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड व ओडिशा के प्रभारी रहेंगे। महासचिव के रूप में कामत राजस्थान, गुजरात, दादर एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव के प्रभारी बनाए गए हैं।

शनिवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाले माकन को संचार, प्रचार और प्रकाश का प्रभार सौंपा गया है, जबकि सोनी को हिमाचल प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर, उत्तराखंड और कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय का प्रभार दिया गया है।

शनिवार को ही केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाले सीपी जोशी को असम, बिहार, पश्चिम बंगाल और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह का प्रभारी बनाया गया है।

जर्नादन द्विवेदी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की बैठकों, एआईसीसी विभागों, सीडब्लूसी, संगठन, सांगठनिक चुनावों, सत्र एवं समन्वय के प्रभारी होंगे।

मुकुल वासनिक को महासचिव के रूप में केरल, पुड्डचेरी, तमिलनाडु और लक्षद्वीप का प्रभारी बनाया गया है, जबकि लुईजिन्हो फलेरियो अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा के प्रभारी होंगे।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि कई नव नियुक्त सचिव युवा हैं और युवक कांग्रेस में राहुल गांधी के साथ काम कर चुके हैं।

केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद को एक व्यक्ति एक पद के आधार पर महासचिव से हटा दिया गया है।

ऑस्कर फर्नाडीज को भी महासचिव से हटा दिया गया है, लेकिन पार्टी सूत्रों ने कहा है कि उन्हें संभवत: मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।

विलास मुत्तेमवार को महासचिव से हटा दिया गया है। गुलचैन सिंह चरक, जगदीश टाइटलर और जगमीत सिंह बरार को भी हटाया गया है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
कांग्रेस संगठन, अजय माकन, सीपी जोशी, कांग्रेस महासचिव, जनार्दन द्विवेदी, Congress, Ajay Maken, CP Joshi, Janardan Dwivedi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com