यह ख़बर 07 जनवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

दिल्ली में ठंड का कहर जारी, तापमान ने पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ा

खास बातें

  • उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में ठंड का कहर जारी है। इसके चलते पिछले 24 घंटों में उत्तर भारत में रविवार को 23 लोग मारे गए। दिल्ली में कल न्यूनतम तापमान ने पिछले पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ा।
नई दिल्ली:

देश के तमाम इलाकों में ठंड का कहर जारी है। उत्तर भारत के ज़्यादातर राज्यों में ठंड का कहर जारी है। इसके चलते पिछले 24 घंटों में उत्तर भारत में रविवार को 23 लोग मारे गए। दिल्ली में कल न्यूनतम तापमान ने पिछले पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ा।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दिल्ली में सोमवार की सुबह का तापमान 3.6 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि उत्तर भारत के कई शहरों में आज सुबह से ही घना कोहरा है। चंडीगढ़, अंबाला, लखनऊ, आगरा, ग्वालियर, बनारस, सतना में विजिबलिटी बहुत कम है।

रविवार का तापमान 1.9 डिग्री दर्ज किया गया। ये तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम है। इसके अलावा राजधानी में अधिकतम तापमान 11.8 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 9 डिग्री कम था। ठंड के न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान का अंतर बीते एक हफ़्ते से दिल्ली में बहुत कम है।

एक नज़र डालते हैं ठंड से ठिठुर रहे उत्तर भारत की अलग-अलग तस्वीरों पर -

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में तापमान ज़ीरो से नीचे चल रहा है। इससे बचाव के लिए लोग बर्फ पर ही आग जलाते दिख रहे हैं। जम्मू के पुंछ इलाके में भी ठंड ने पिछले 35 साल के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यहां पिछले कुछ दिनों से पारा माइनस में पहुंच गया है। तापमान के माइनस में होने की वजह से यहां के कुछ पहाड़ी इलाकों में कुछ दिनों से बर्फ ही बर्फ है। इस इलाके के लोगों को सर्दी की बीमारी भी बहुत हो रही है।

मौसम के जानकारों का मानना है कि ऐसा तापमान वक्त से पहले बर्फ गिरने की वजह से हुआ है और आने वाले कुछ दिनों तक यही हालात बने रहेंगे।

हरियाणा के हिसार में रविवार को −1.1 तापमान दर्ज किया गया। खुले में रहने को मजबूर लोग आग के सहारे खुद को गर्म रखने की कोशिश करते दिखा जा सकते हैं।
 
बाराबंकी उन ज़िलों में शामिल हैं जहां यूपी में ठंड के चलते सबसे ज़्यादा लोग मारे गए हैं। यूपी में बीते 24 घंटों में 15 से ज़्यादा लोग ठंड के कारण मारे गए हैं।

उत्तर प्रदेश में कड़ाके ठंड पड़ रही है। ठंड की वजह से उत्तर प्रदेश में रविवार को 15 और लोगों की जान चली गई है। अब यहां सर्दी से मरने वालों की तादाद 155 तक जा पहुंची है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाराबंकी, मुज़्ज़फ़रनगर, बागपत, मुरादाबाद जैसे ज़िलों में सबसे ज़्यादा लोगों की मौत हुई है।

मुज़्ज़फ़रनगर राज्य का सबसे ठंडा शहर है। यहां का तापमान रविवार को 0.2 डिग्री दर्ज किया गया। इस कड़ाके की ठंड में भी लोग सड़क पर रात गुजारने को मजबूर हैं, लेकिन यहां रात आग के साथ कटती है। बावजूद इसके लोगों को राहत नहीं है।

जमा देने वाली ठंड से इंसान बेहाल है ही जानवरों का जीना भी मुश्किल हो रहा है।

ठंड की ठिठुरन पूरे उत्तर भारत में है। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में भी ठंड ने पिछले दो दशक का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, लेकिन इतने कम तापमान के बावजूद भी यहां पर्यटकों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है। मौसम विभाग ने आने वाले समय में यहां तापमान के और गिरने की आशंका जताई है।

वहीं, मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पारा शून्य के करीब पहुंच गया है। कोहरे की वजह से दिल्ली से आने जाने वाली 18 ट्रेनों को रद्द किया गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कोहरे की वजह से जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है उनके नाम इस प्रकार हैं -
तूफ़ान आभा एक्सप्रेस 13007 − हावड़ा से श्रीगंगानगर
तूफ़ान आभा एक्सप्रेस 13008 − श्रीगंगानगर से हावड़ा
लिच्छवी एक्सप्रेस 14006 − आनंद विहार से सीतामढ़ी
इंटरसिटी एक्सप्रेस 14681 − नई दिल्ली से जालंधर सिटी
गड़वाल एक्सप्रेस 14044 − दिल्ली से कोटद्वार
इंटरसिटी एक्सप्रेस 14212 − नई दिल्ली से आगरा कैंट
लाल किला 13111 − कोलकाता से दिल्ली
लाल किला 13112 − दिल्ली से कोलकाता
हावड़ा जनता 13039 − हावड़ा से दिल्ली
हावड़ा जनता एक्सप्रेस 13040 − दिल्ली से हावड़ा
कालका−हावड़ा मेल 12312 − दिल्ली से हावड़ा
रीवा एक्सप्रेस 12428− आनंद विहार से रीवा
कैफ़ियत एक्सप्रेस 12226− दिल्ली से आज़मगढ़
नौचंडी एक्सप्रेस 14511− सहारनपुर से इलाहाबाद
नौचंडी एक्सप्रेस 14512− इलाहाबाद से सहारनपुर
संपूर्ण एक्सप्रेस 12394− नई दिल्ली से राजेंद्र नगर
महाबोधि एक्सप्रेस 12397 − गया से नई दिल्ली
महाबोधि एक्सप्रेस 12398 − नई दिल्ली से गया