विज्ञापन
This Article is From May 23, 2021

दवाई लेने निकले युवक को थप्पड़ जड़नेवाले DM हटाए गए, खुद CM भूपेश बघेल ने मांगी माफी

सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें पद से हटाने के निर्देश दिए.उन्होंने लिखा कि इस घटना से क्षुब्ध हूँ. मैं नवयुवक व उनके परिजनों से खेद व्यक्त करता हूँ.

युवक को पीटते हुए कलेक्टर रणवीर शर्मा.
रायपुर:

छत्तीसगढ़ (Chhatisgarh) के सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले के कलेक्टर रणवीर शर्मा ( Surajpur DM Ranvir Sharma) को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है. यह वही कलेक्टर हैं जिन्होंने लॉकडाउन के दौरान दवाई लेने निकले एक युवक की जमकर पिटाई कर दी थी. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें पद से हटाने के निर्देश दिए. उनकी जगह आईएएस गौरव कुमार सिंह को नया जिलाधिकारी बनाया गया है.

सीएम बघेल ने ट्वीट किया, "सोशल मीडिया के माध्यम से सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा द्वारा एक नवयुवक से दुर्व्यवहार का मामला मेरे संज्ञान में आया है. यह बेहद दुखद और निंदनीय है. छत्तीसगढ़ में इस तरह का कोई कृत्य कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कलेक्टर रणबीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं."

उन्होंने दूसरे ट्वीट में लिखा है, "किसी भी अधिकारी का शासकीय जीवन में इस तरह का आचरण स्वीकार्य नहीं है. इस घटना से क्षुब्ध हूँ. मैं नवयुवक व उनके परिजनों से खेद व्यक्त करता हूँ."

छत्तीसगढ़ : DM ने दवाई लेने निकले युवक का मोबाइल पटककर जड़ा थप्पड़, Video वायरल होने के बाद माफी मांगी

बता दें कि शनिवार की दोपहर लॉकडाउन के दौरान एक युवक दवाई का पर्चा लेकर दवाई लेने मेडिकल स्टोर जाने को निकला था. इसी बीच कलेक्टर रणवीर शर्मा दलबल के साथ लॉकडाउन का मुआयना करने निकले. इस दौरान सड़कों पर लोगों की आवाजाही देख वह बिफर पड़े. उनकी नज़र उस युवक पर पड़ी. अपने  साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों से कहकर उन्होंने युवक को रुकवाया और उसे पहले एक चांटा रसीद कर दिया. इस दौरान युवक दवाई की पर्ची भी दिखाता रहा लेकिन कलेक्टर (Collector Video Viral) ने उसकी एक न सुनी और युवक का मोबाइल छीनकर उसे सड़क पर पटक दिया.

यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. हालांकि बाद में कलेक्टर ने अपने किए की माफी भी मांगी लेकिन सरकार को उनकी हरकत नागवार गुजरी और उन्हें पद से हटना पड़ा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhatisgarh, CM Bhupesh Bhagel, Surajpur DM Ranvir Sharma Dismissed, Chhatisgargh CM, Lock Down
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com