विज्ञापन
This Article is From Jan 11, 2019

दिल्ली के रामलीला मैदान से बीजेपी करेगी मिशन 2019 का आगाज, पीएम मोदी देंगे कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र

बीजेपी ‘‘मिशन 2019’’ की शुरुआत दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली राष्ट्रीय परिषद की बैठक से करेगी.

दिल्ली के रामलीला मैदान से बीजेपी करेगी मिशन 2019 का आगाज, पीएम मोदी देंगे कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र
प्रतीकात्मक तस्वीर
  • बीजेपी की नेशनल काउंसिल की बैठक
  • अमित शाह करेंगे उद्घाटन, पीएम मोदी देंगे जीत का मंत्र
  • हजारों की तादात में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद
नई दिल्ली:

आज बीजेपी ‘‘मिशन 2019'' की शुरुआत दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली राष्ट्रीय परिषद की बैठक से करेगी. जहां देशभर के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘जीत' का मंत्र देंगे . बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह नेशनल काउंसिल की बैठक का उद्घाटन करेंगे जबकि शनिवार को बैठक के समापन भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मिशन 2019' के लिए पार्टी का मुख्य चुनावी नारा भी देंगे. यह अब तक की सबसे बड़ी राष्ट्रीय परिषद होगी, जिसमें देशभर से लगभग 12 हजार प्रमुख कार्यकर्ता जुट रहे हैं. यह बैठक समान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर तबके के लोगों को शिक्षा और रोजगार में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान करने वाले संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा और राज्यसभा की मंजूरी मिलने के बीच हो रही है.

BJP की दलितों को लुभाने की नई चाल: दिल्ली में पकी 'सियासी' खिचड़ी, कड़ाही और शेफ नागपुर से आया

इसने हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में हिंदी पट्टी के तीन राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में पार्टी को मिली हार के बाद भगवा पार्टी के मनोबल को बढ़ाया है. बीजेपी का मानना है कि राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद यह कानून लागू हो जाएगा. इससे हिंदी भाषी राज्यों में अगड़ी जाति के मतदाता पार्टी के समर्थन में आएंगे. साथ ही जाट, पाटीदार, मराठा और राजनीतिक रूप से अन्य महत्वपूर्ण समुदायों में भी उसकी अपील मजबूत होगी. पार्टी का एक हिस्सा मानता है कि अगड़ी जाति के मतदाताओं के आक्रोश का खामियाजा उसे हालिया विधानसभा चुनावों में भुगतना पड़ा. पार्टी सूत्रों ने बताया कि ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देना, दलितों और आदिवासियों के खिलाफ अत्याचार पर कानून को मजबूत बनाने जैसे मोदी सरकार के कदमों को भी रेखांकित किया जाएगा और इसे उसकी ‘सामाजिक न्याय'परियोजना के हिस्से के तौर पर पेश किया जाएगा.उन्होंने बताया, ‘‘मोदी सरकार ने समाज के हर तबके को सशक्त बनाया है. पार्टी विस्तार से इस बारे में बात करेगी'    

दिल्ली: टाउन हॉल में BJP पार्षद ने AAP पार्षद को मारा घूसा, जमकर मचा बवाल- देखें VIDEO

उन्होंने बताया कि किसानों के लिये पार्टी नीत सरकार द्वारा उठाए गए कदमों और गरीबों के कल्याण के लिये चलाई गई विभिन्न योजनाओं और आर्थिक विकास के लिये उठाए गए कदमों पर भी चर्चा की जाएगी. गौरतलब है कि किसानों की कर्ज माफी और राफेल सौदे को लेकर कांग्रेस सरकार को घेरने का प्रयास कर रही है. इस बारे में पूछे जाने पर बीजेपी मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख और राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी ने बताया कि यह देश भर के पार्टी कार्यकर्ताओं का ‘महासंगम' होगा जहां से हम अपने विजय अभियान की शुरूआत करेंगे. उन्होंने कहा था कि इस बैठक में हर प्रदेश से पार्टी कार्यकर्ता आयेंगे.  बैठक के दौरान प्रस्ताव भी पास होंगे. यह बैठक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से तेलगू देशम पार्टी, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी, असम गण परिषद के अलग होने और शिवसेना, अपना दल (एस), ओमप्रकाश राजभर की अगुवाई भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के साथ तल्ख रिश्तों की पृष्ठभूमि में हो रही है. 

सियासी बयानबाजी के बाद पासवान और चिराग ने की अमित शाह से मुलाकात

यह पहला मौका है जब बीजेपी अपनी राष्ट्रीय परिषद की बैठक को विस्तृत स्वरूप देने जा रही है. इसमें हर लोकसभा क्षेत्र के लगभग दस प्रमुख नेता हिस्सा लेंगे. बैठक में सभी सांसदों, विधायकों, परिषद के सदस्यों, जिला अध्यक्षों व महामंत्रियों के साथ हर क्षेत्र के विस्तारकों को भी बुलाया गया है. बैठक में राजनीतिक व आर्थिक मुद्दों समेत तीन प्रमुख प्रस्तावों के पारित किये जाने की संभावना है। इसमें राम मंदिर के मुद्दे पर भी पार्टी का रूख स्पष्ट किया जा सकता है. इस विषय पर आरएसएस समेत हिन्दुवादी संगठन मंदिर निर्माण के लिये कानून बनाने की मांग कर रहे हैं. समझा जाता है कि बैठक में कांग्रेस और उसकी समर्थित सरकारों के साठ साल के कामकाज की तुलना भी रखी जाएगी और बताया जाएगा कि वर्तमान सरकार के दौरान कितनी तेजी से विकास हुआ हैय इसमें सबसे ज्यादा जोर भ्रष्टाचारमुक्त सरकार पर दिया जायेगा और कांग्रेस की पिछली सरकारों के घोटालों की तुलना करते हुए बीजेपी अपनी बेदाग सरकार को जनता के सामने लेकर जाएगी. बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय और राज्यों के पदाधिकारियों समेत अन्य नेता भी शामिल होंगे. 

Video:बीजेपी की राष्‍ट्रीय परिषद की बैठक के दौरान रामलीला मैदान बनेगा पीएमओ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Government Of India, Bharatiya Janata Party, BJP's National Council
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com