यह ख़बर 22 दिसंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

कांग्रेस ने निरूपम के बयान को खारिज किया, भाजपा ने किया बहिष्कार का फैसला

खास बातें

  • कांग्रेस सांसद संजय निरूपम भाजपा सांसद स्मृति ईरानी के खिलाफ कथित अशोभनीय टिप्पणी के चलते विवादों में फंस गए हैं।
नई दिल्ली:

कांग्रेस सांसद संजय निरूपम भाजपा सांसद स्मृति ईरानी के खिलाफ कथित अशोभनीय टिप्पणी के चलते विवादों में फंस गए हैं।

हालांकि कांग्रेस पार्टी ने उनके बयानों को खारिज किया जबकि विपक्षी दल भाजपा ने उनके टेलीविजन बहसों के बहिष्कार का फैसला किया है जिनमें निरूपम शामिल होंगे।

गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के नतीजों पर टेलीविजन पर चर्चा के दौरान स्मृति पर निरूपम ने टिप्पणी की। इस मुद्दे पर मुंबई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और निरूपम से माफी मांगने को कहा।

कांग्रेस प्रवक्ता रेणुका चौधरी ने कहा, ‘यह बहुत अफसोसजनक है। यह सबकुछ कहना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस मानसिकता से हमें लड़ना है।’

निरूपम की ‘अशोभनीय एवं आपत्तिजनक’ टिप्पणियों से नाराज भाजपा ने कांग्रेस सांसद की निंदा की और घोषणा की कि पार्टी प्रवक्ता और नेता उन समाचार चैनलों की बहसों में भाग नहीं लेंगे जिसमें निरूपम शामिल होंगे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

भाजपा प्रवक्ता रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि निरूपम ने शालीनता की सभी सीमाएं तोड़ दी हैं।