विज्ञापन

ओडिशा, आंध्र और छत्तीसगढ़ तक पहुंचा साइक्लोन अर्नब, दिल्ली-यूपी-बिहार तक असर, कल यहां बरपाएगा कहर

मौसम विभाग ने साइक्लोन अर्नब को लेकर मध्य प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है.

ओडिशा, आंध्र और छत्तीसगढ़ तक पहुंचा साइक्लोन अर्नब, दिल्ली-यूपी-बिहार तक असर, कल यहां बरपाएगा कहर
अर्नब चक्रवात देश में तेजी से आगे बढ़ रहा है.
  • बंगाल की खाड़ी से उठा साइक्लोन अर्नब आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से होते हुए धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है
  • पूर्वी मध्य प्रदेश में 28 से 30 अक्तूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है
  • दिल्ली में 29 और 30 अक्तूबर को बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने से तापमान में गिरावट आ सकती है

बंगाल की खाड़ी से उठा साइक्लोन 'अर्नब' आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों को पार कर चुका है. हालांकि तूफान अब धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, लेकिन इसका असर कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकता है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार तट से टकराने के समय यह एक बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान था और इसकी लगातार हवाओं की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई. कई जगहों पर हवा के झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचे.

तटीय क्षेत्रों में बना रहा दबाव

बुधवार सुबह अर्नब का केंद्र तटीय आंध्र प्रदेश और यनम क्षेत्र के ऊपर स्थित था. यह नरसापुर, यनम और काकीनाडा के आसपास के इलाकों के करीब सक्रिय रहा. बाद में यह उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ता रहा और धीरे-धीरे कमजोर होने लगा. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान यह और कमजोर होकर पहले डीप डिप्रेशन और फिर सामान्य दबाव क्षेत्र में बदल जाएगा.

कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

चक्रवात के असर से देश के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ है. मौसम विभाग ने तेलंगाना, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और बिहार के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है. इन इलाकों में कहीं-कहीं तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा असर की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 28 अक्तूबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है जबकि 29 अक्तूबर को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. 30 अक्तूबर को भी कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में 29 से 31 अक्तूबर के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है. प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.

दिल्ली समेत उत्तर भारत में बदलेगा मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी अर्नब का असर महसूस किया जा सकता है. मौसम विभाग ने 29 अक्तूबर को आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है. 30 अक्तूबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है.

लगातार निगरानी कर रहा है मौसम विभाग

मौसम विभाग ने बताया है कि साइक्लोन अर्नब की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. मछलीपट्टनम स्थित डॉप्लर वेदर रडार के जरिए इसकी हर गतिविधि की निगरानी की जा रही है. हालांकि तूफान कमजोर पड़ रहा है, लेकिन इससे जुड़े बादल और नमी कई राज्यों में भारी बारिश का कारण बन सकते हैं. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों और स्थानीय प्रशासन की सलाह पर नजर बनाए रखने की जरूरत है.

यह भी पढ़ें- कल का मौसम: दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 12 राज्यों में भारी बारिश, चक्रवात अर्नब को लेकर अलर्ट, ठंड भी बढ़ेगी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Rain, Cyclone Arnab, Bihar Rain
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com