बेंगलुरु में मॉनसून पूर्व बारिश ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड

बेंगलुरु:

बेंगलुरु में इस साल मॉनसून पूर्व 442.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो पिछले 10 सालों में सर्वाधिक है। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी।

हालांकि, अभी केरल तट पर दक्षिण पश्चिम मॉनसून का पहुंचना बाकी है। कर्नाटक के दक्षिणी क्षेत्र, विशेष रूप से बेंगलुरु में मॉनसून पूर्व बारिश हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य में बारिश होने की भविष्यवाणी की थी। बेंगलुरु में आंधी भी आ सकती है।

मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रविवार को बेंगलुरु का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।

बारिश से कई सड़कें पानी में डूब गईं और पेड़ टूट गए हैं। मॉनसून पूर्व बारिश से यहां खस्ताहाल नागरिक बुनियादी ढांचे की पोल खुल गई है। येलाहांका में हवा की गति 76 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जबकि बेंगलुरु में यह 54 किलोमीटर प्रति घंटा थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

रुक-रुक कर हो रही बारिश से यातायात बाधित हो गया, जबकि कुछ इलाकों में बिजली गुल हो गई। गुलबर्गा में रविवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री और रायचूर में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।