भारतीय कार खरीदारों के बीच आजकल SUVs पहली पसंद बन चुकी हैं. लेकिन भीड़भाड़ वाली शहरी सड़कों और तंग पार्किंग स्पेस में एक बड़ी SUV को संभालना हमेशा आसान नहीं होता है. ऐसे में, जल्द ही भारत में एक बेहद छोटी इलेक्ट्रिक SUV दस्तक देने वाली है, जो देश की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक SUV बन सकती है. आइए, आपको इस सस्ती और छोटी SUV के बारे में सब कुछ डिटेल्स में बताते हैं.
हम यहां बात कर रहे हैं VinFast की कार के बारे में. VinFast ने सितंबर 2025 में भारतीय बाजार में कदम रखा था. अभी कंपनी VF6, VF7 और VF MPV 7 जैसी गाड़ियां बेचती है, जिनकी कीमत 16 लाख रुपये से अधिक है. भारत में VinFast VF3 कंपनी की सबसे किफायती कार होने वाली है. आपको बता दें कि इसे Bharat Mobility Global Expo 2025 में भी शोकेस किया गया था. उम्मीद की जा रही है कि VinFast इसे 2027 तक लॉन्च कर सकता है.
छोटा साइज, दमदार SUV लुक
साइज में छोटी होने के बावजूद, VinFast VF3 अपने बॉक्सी, रफ-एंड-टफ बॉडी और ब्लैक क्लैडिंग के कारण एक रियल SUV की तरह दिखती है. इसकी लंबाई केवल 3,190 mm और व्हीलबेस 2,075 mm है, जिसके चलते तंग गलियों और पार्किंग स्पॉट में इसे निकालना बेहद आसान होगा. साथ ही, इसका 191 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस खराब सड़कों और बड़े स्पीड ब्रेकर्स से आसानी से निपटने में मदद करेगा. ये एक टू-डोर (दो दरवाजों वाली) 4-सीटर कार है, जिसका केबिन काफी सिंपल है और इसके सेंटर में 10-इंच का टचस्क्रीन दिया गया है. हालांकि, VinFast ने अभी तक इसके इंडिया-स्पेक (भारतीय मॉडल) के फीचर्स और सेफ्टी लिस्ट का खुलासा नहीं किया है.

रेंज और परफॉर्मेंस
इसके ग्लोबल-स्पेक (इंटरनेशनल मॉडल) में 18.64 kWh का बैटरी पैक मिलता है, जो पीछे की तरफ लगी मोटर को पावर देता है. ये मोटर 43.5 bhp की पावर और 110 Nm का टॉर्क जनरेट करती है. कंपनी का दावा है कि सिंगल चार्ज में ये कार 210 kms तक की रेंज देती है. शहर में रोजाना इस्तेमाल के लिए यह रेंज काफी है, लेकिन हमेशा की तरह असल जिंदगी में इसकी रियल-वर्ल्ड रेंज दावा की गई रेंज से थोड़ी कम हो सकती है.
संभावित कीमत और मुकाबला
VinFast ने अभी तक इसके लॉन्च की सही टाइमलाइन की घोषणा नहीं की है, लेकिन उम्मीद है कि VF3 साल 2027 की शुरुआत तक आ जाएगी. कीमत की बात करें तो अनुमानों के मुताबिक VF3 की एक्स-शोरूम कीमत 7.5 लाख रुपये से 10 लाख रुपये के बीच हो सकती है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय बाजार में MG Comet EV की शुरुआती कीमत 7.63 लाख रुपये है. जबकि भारत की फिलहाल सबसे किफायती इलेक्ट्रिक SUV, Tata Punch EV की शुरुआती कीमत 9.79 lakh रुपये है. अगर VF3 अपनी संभावित कीमत तक में आती है तो ये सीधे तौर पर Punch EV को कड़ी टक्कर देगी. इसके अलावा, उम्मीद है कि VinFast भी MG की तरह इसके साथ Battery-as-a-Service (BaaS) प्लान पेश करेगी, जिससे कार खरीदने की शुरुआती लागत (अपफ्रंट कॉस्ट) काफी कम हो सकती है.
यह भी पढ़ें | 679 KM रेंज, कीमत 6.59 लाख से शुरू, सबसे ज्यादा बिकने वाली दो इलेक्ट्रिक कारें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं