'आप' का बीजेपी पर हल्ला बोल, शनिवार से स्वच्छता अभियान चलाएगी

नई दिल्ली:

दिल्ली में सत्तारुढ़ आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारी की हड़ताल और दिल्ली में फैली गंदगी के लिए बीजेपी को ज़िम्मेदार बताकर जमकर हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि बीजेपी शासित दिल्ली नगर निगम दुनिया की सबसे भ्रष्ट संस्था में से एक है।

'आप' नेता दिलीप पाण्डेय ने कहा, "दिल्ली के अंदर नगर निगम बीजेपी चला रही है। यहां पर 22,000 फर्जी कर्मचारी होने की बात जनता के बीच पहले ही है... कौन इनके नाम पर तनख्वाह ले रहा है, इसकी जांच होनी चाहिए।"

दिलीप पाण्डेय के मुताबिक़ दिल्ली सरकार ने नगर निगम को जो पहले 1800 करोड़ का लोन दिया था, उसको तो नगर निगम चुका नहीं रही, उल्टा यह कह रही है कि उसके पास सैलरी के लिए पैसे नहीं हैं।

पाण्डेय ने कहा "हाई कोर्ट के निर्देश से पहले ही 513 करोड़ दिल्ली सरकार ने नगर निगमों को ट्रान्सफर कर दिए गए हैं, लेकिन दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों को पता होना चाहिए कि आपके घर में चूल्हे नहीं जलने का कारण बीजेपी और मोदी सरकार हैं।"

आम आदमी पार्टी अब बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रही है। शनिवार को पार्टी के सभी विधायक, नेता और कार्यकर्ता दिल्ली के सभी 272 नगर निगम वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाएंगे। इसके बाद पूरी दिल्ली में स्वच्छता अभियान चलाकर पार्टी दिल्ली के लोगों को बताएगी कि इस गंदगी और कूड़े का असली कारण बीजेपी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

'आप' के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि ज़रूरत पड़ी तो पीएम मोदी के घर का घेराव भी पार्टी करेगी। संजय सिंह ने ये भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली वालों को आम आदमी पार्टी को वोट देने के लिए दण्डित न करें।