विज्ञापन
This Article is From Jul 21, 2019

असम की बाढ़ में 12 और लोगों की गई जान, बिहार में भी हालात बुरे 

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बाढ़ संबंधी बुलेटिन के अनुसार मोरीगांव जिले में तीन लोगों, बारपेटा में तीन, दक्षिण सलमारा में दो और नलबाड़ी एवं धुबरी जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत होने से यह आंकड़ा बढ़कर 62 हो गया है

Also Read in
असम की बाढ़ में 12 और लोगों की गई जान, बिहार में भी हालात बुरे 
असम और बिहार में बाढ़ से बिगड़े हालात
  • असम में बाढ़ से 12 और लोगों की मौत
  • मौत का आंकड़ा पहुंचा 62
  • बिहार में भी बिगड़े हालात
नई दिल्ली:

असम में बाढ़ के हालात दिन पर दिन और खराब होते जा रहे हैं. शनिवार रात तक राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या में 62 हो गई है. आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में कुल 12 लोगों ने अलग-अलग जगह बाढ़ की वजह से अपनी जान गवाई. हालांकि, कुछ इलाके ऐसे ही भी हैं जहां बाढ़ का पानी उतरने लगा है. बाढ़ से प्रभावित जिलों की संख्या घटकर 24 हो गई है. बाढ़ से समूचे राज्य में बड़े पैमाने पर क्षति हुई है. हालांकि बक्सा, होजई और माजुली जिलों से बाढ़ का पानी अब धीरे-धीरे घट रहा है लेकिन 1.51 लाख हेक्टेयर की फसल अब भी बाढ़ के पानी में डूबी हुई है और काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का बड़ा हिस्सा भी बाढ़ की चपेट में है. असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बाढ़ संबंधी बुलेटिन के अनुसार मोरीगांव जिले में तीन लोगों, बारपेटा में तीन, दक्षिण सलमारा में दो और नलबाड़ी एवं धुबरी जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत होने से यह आंकड़ा बढ़कर 62 हो गया है.

असम, बिहार और मेघालय में बाढ़ का कहर, मरने वालों की संख्या 100 के पार

राज्य के प्रभावित जिलों के 3,024 गांवों में 44,08,142 लोग बाढ़ की चपेट में हैं. काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में बाढ़ की वजह से 13 जुलाई से अब तक 129 पशु मारे गये हैं, इनमें 10 गैंडे, आठ सांभर हिरण, आठ जंगली सुअर, पांच बारहसिंगा, एक हाथी और एक जंगली भैंस शामिल हैं. कई बाढ़ प्रभावितों ने राज्य के वित्त मंत्री हिमंत बिस्व शर्मा से कहा कि उन्हें राहत केंद्रों में न तो पर्याप्त राहत सामग्री दी जा रही है और न ही रहने की सुविधा है. असम की तरह ही बिहार में भी बाढ़ से बुरे हाल हैं. अभी तक बाढ़ की वजह से पांच और लोगों की मौत हो चुकी है.अब यह आंकड़ा बढ़कर 97 हो गया है. राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने यह जानकारी दी है.

गुफा में भरा पानी तो घर में बेड पर आराम फरमाता दिखा बाघ, देखते ही चीख पड़े लोग

मधुबनी जिले से चार लोगों और दरभंगा से एक व्यक्ति के मरने की सूचना है, जिससे मधुबनी में हताहतों की संख्या अब 18 और दरभंगा में 10 हो गयी है. आपदा प्रबंधन विभाग ने एक रिपोर्ट में कहा कि सीतामढ़ी में 27 लोगों के मरने की सूचना है और यह बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित जिला बना हुआ है. उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राहत एवं पुनर्वास का जायजा लेने के लिये शनिवार को सीतामढ़ी जिले का दौरा किया. बिहार में कुल 12 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं. वहीं, बारिश की वजह से दक्षिण के राज्य भी खासे प्रभावित हुए हैं.

बिहार और असम में बाढ़ का सितम जारी, अभी तक 97 लोगों की गई जान

बारिश जनित घटनाओं में तमिलनाडु में भी दो लोगों की मौत हुई है और तीन मछुआरों समेत चार लोग लापता हैं. केरल में भी लगातार भारी बारिश जारी है. राज्य के कासरगोड जिले में कुडुले में शनिवार तक 30 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई.पर्वतीय इडुक्की जिले के कोन्नाथाडी गांव में शनिवारद की सुबह भूस्खलन की मामूली घटना हुई, जिससे फसलें बर्बाद हो गयीं. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं है. राष्ट्रीय राजधानी में भी भारी बारिश होने से लोगों को उमस भरे मौसम से राहत मिली. न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस और सुबह साढ़े आठ बजे तक हवा में नमी का स्तर 74 प्रतिशत दर्ज किया गया. (इनपुट भाषा से) 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assam Flood, Flood In Bihar, Deaths Due To Flood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com