विज्ञापन
This Article is From Dec 10, 2015

हैदराबाद : उस्मानिया विश्वविद्यालय में 'गोमांस उत्सव' से संबंधित आठ आयोजक गिरफ्तार

हैदराबाद : उस्मानिया विश्वविद्यालय में 'गोमांस उत्सव' से संबंधित आठ आयोजक गिरफ्तार
उस्मानिया विश्वविद्यालय के छात्र 'गोमांस उत्सव' का समर्थन करते हुए
हैदराबाद: हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय में विवादास्पद 'गोमांस और सुअर के मांस' के उत्सव से संबंधित गिरफ्तारियां की हैं जिनमें से 8 लोग वह हैं जो गोमांस उत्सव के आयोजन में शामिल हैं। इसके साथ ही गोमांस उत्सव के आयोजन के विरोध में 'गो सेवा दिवस' मनाने जा रहे भाजपा विधायक टी राजा सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक परिसर में स्थिति काफी नाज़ुक है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

दरअसल विश्वविद्यालय के अलग अलग छात्र संगठनों ने गुरुवार को 'गोमांस' और 'सुअर के मांस' का उत्सव मनाने की घोषणा की थी जिसके बाद पुलिस ने अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है। हालांकि एक स्थानीय अदालत ने इस तरह के किसी भी आयोजन पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है यानि उत्सव के आयोजन पर रोक लगाने के लिए कहा है।

'बीफ उत्सव को रोक देंगे'

हुआ यूं कि छात्रों के एक समूह ने विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर परिसर में ‘गौमांस उत्सव’के आयोजन की घोषणा की, जिसके बाद एक अन्य समूह ने इसी दिन ‘सुअर के मांस का उत्सव’मनाने की बात कह डाली। इसके बाद आपसी तकरार की आशंकाएं बढ़ गई थीं। एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी है कि 'हमने बीती रात उस समूह के आठ प्रमुख सदस्यों को हिरासत में ले लिया, जिन्होंने आज गौमांस उत्सव आयोजित करने की घोषणा की थी। अदालत के आदेश के अनुसार, हम उस्मानिया विश्वविद्यालय परिसर में किसी भी उत्सव का आयोजन नहीं होने देंगे।'

उधर भाजपा विधायक टी. राजा सिंह ने कहा है कि अगर छात्र समूह ने बीफ उत्सव का आयोजन किया तो 'हम इसे रोक देंगे।' सबसे पुराने शैक्षणिक संस्थानों में शामिल ओस्मानिया विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि 'बीफ उत्सव' 'पोर्क उत्सव' और 'गौपूजा' सहित ऐसे सभी मामले जो शैक्षणिक गतिविधियों से अलग हैं, उनके परिसर में आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
गोमांस पर प्रतिबंध, उस्मानिया विश्वविद्यालय, हैदराबाद, सुअर मांस, दादरी कांड, Beef Ban Arrest, Beef Festival, Pork Festival, Osmania Beef Festival, Hyderabad, Dadri Incident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com