एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के अपने 'पूल-डी' के पहले मैच में शनिवार को भारत ने वेल्स पर 3-1 से शानदार जीत हासिल की. वैगनर हॉकी स्टेडियम में दर्ज की गई इस जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के पेनाल्टी कॉर्नर से किए गए 2 गोल भी शामिल रहे. वेल्स को हराने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इस प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि पहले मैच में अच्छे अंतर से जीत दर्ज करके पूरे तीन अंक हासिल करना महत्वपूर्ण था .
पूल डी के पहले मैच में भारत के लिये दो गोल करने वाले ‘मैन आफ द मैच' हरमनप्रीत ने कहा , 'हमने बहुत अच्छा खेला. हमारा लक्ष्य यही था कि मैच दर मैच मौके बनाने हैं और गोल करने हैं . मैन आफ द मैच या कौन गोल कर रहा है, यह महत्वपूर्ण नहीं है. बस गोल होने चाहिये. उसी मानसिकता से खेले थे.'
'आने वाले मैचों में गलतियों से लेंगे सबक'
उन्होंने जीत के साथ शुरूआत को अहम बताते हुए कहा , 'पहले मैच में जीत का अंतर अच्छा रखना था. हम 3 -1 से जीते और तीन अंक लिये जो अच्छा परिणाम है.' आखिरी मिनटों में वेल्स ने गोल करके भारत को क्लीन शीट नहीं लेने दी लेकिन हरमनप्रीत ने कहा कि आने वाले मैचों में उनकी टीम गलतियों से सबक लेकर खेलेगी .
उन्होंने कहा , 'हमने अपनी पूरी कोशिश की लेकिन उन्होंने भी अच्छा खेला. यह पहला ही मैच था और कोशिश करेंगे कि आगे के मैचों में गलती नहीं हो.' भारत ने तीनो गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किये जबकि कोच क्रेग फुल्टोन फील्ड गोल पर भी लगातार जोर देते आये हैं. इस बारे में पूछने पर भारतीय कप्तान ने कहा , 'हमारी फॉरवर्ड पंक्ति ने अच्छा प्रदर्शन किया और कई पेनल्टी कॉर्नर बनाये. वे फील्ड गोल करें या पीसी बनाये, टीम के लिये गोल होना अहम है.
विश्व कप से पहले भारतीय टीम के प्रदर्शन के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि उतार चढाव खेल का हिस्सा है. अभी टीम का फोकस विश्व कप पर है और टीम अच्छे फॉर्म में है, अच्छी तैयारी से आई है और जीत का पूरा यकीन है.
ये भी पढ़ें- Hockey World Cup, India vs Wales: भारत का जीत से आगाज, वेल्स को 3-1 से हराया, कप्तान हरमनप्रीत ने दागे दो गोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं