Pakistan Hockey Team: चाहे क्रिकेट को या फिर हॉकी, पाकिस्तानी टीम की बेइज्जती हर जगह होती है. अब हॉकी वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तानी हॉकी टीम ने एक ऐसी हरकत की है जिसने इस टीम का मजाक वर्ल्ड कप में बना दिया है. दरअसल, FIH मेन्स वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ़ अपने पहले मैच में पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीम का प्रदर्शन बहुत खराब रहा, पाकिस्तान न सिर्फ खेल के मामले में कमज़ोर रहा और मैच 1-4 से हार गया, बल्कि टीम ने ऐसी गलतियां भी कीं जिनकी उम्मीद किसी पूर्व चैंपियन टीम से नहीं की जाती. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान अकबर ने सोशल मीडिया पर टीम की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि वे चेंजिंग रूम में ही अपना पेनल्टी कॉर्नर प्रोटेक्टिव गियर ले जाना ही भूल गए थे. जिसके बाद पाकिस्तानी टीम का सोशल मीडिया पर खूब मजाक बन रहा है.
दरअसल, मैच के दौरान पाकिस्तान की टीम ने एक शर्मनाक हरकत की, उनके खिलाड़ी पेनल्टी कॉर्नर के समय पहने जाने वाले सुरक्षा उपकरण चेंजिंग रूम में ही भूल गए. इस वजह से उनके कप्तान अबू बक्र को ग्रीन कार्ड मिला, जिसका मतलब था कि उन्हें दो मिनट के लिए खेल से बाहर बैठना पड़ा.
ग्रीन कार्ड छोटी-मोटी गलतियों के लिए दिया जाता है और खिलाड़ी को दो मिनट के लिए बाहर बैठना पड़ता है, ऐसे में पाक के पूर्व कप्तान सलमान अकबर ने मैच के दौरान पाकिस्तान की इस गलती पर सवाल उठाए और उनकी तैयारी पर भी सवालिया निशान लगाया.
सलमान ने X पर लिखा, "वाह! पाकिस्तान हॉकी के नाम एक और अनचाहा रिकॉर्ड.. इंग्लैंड के खिलाफ FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के शुरुआती मैच में, खबर है कि पाकिस्तान की टीम पेनल्टी कॉर्नर के सुरक्षा उपकरण चेंजिंग रूम में ही भूल गई. नतीजतन, कप्तान को ग्रीन कार्ड मिला."
पूर्व पाक कप्तान ने टीम की आलोचना करते हुए आगे लिखा, "इंटरनेशनल हॉकी के सबसे बड़े मंच पर पेनल्टी कॉर्नर के लिए जरूरी सुरक्षा उपकरण भूल जाना, ऐसी चीज है जो बिल्कुल नहीं होनी चाहिए. तैयारी का मतलब सिर्फ रणनीति, फिटनेस और स्किल ही नहीं है. यह अनुशासन और संगठन के बारे में भी है. वर्ल्ड कप में बहुत ज्यादा प्रोफेशनलिज्म की जरूरत होती है. अफसोस की बात है कि ऐसे पल इस बात पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं कि हम बड़े मंच के लिए असल में कितने तैयार हैं."
Wow. Another unwanted record from Pakistan hockey.
— Salman Akbar (@SalmanAkbar12) August 15, 2026
In the opening match of the FIH Hockey World Cup 2026 against England, Pakistan reportedly forgot the penalty corner protective gear in the changing room. As a result, the captain received the green card.
Forgetting essential… pic.twitter.com/nBGOQOJZOH
हॉकी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का अगला मुकाबला क्रमशः 17 और 19 अगस्त को वेल्स और कट्टर प्रतिद्वंद्वी भारत से होना है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं