How to Make Tofu At Home: आजकल लैक्टोज इनटोलरेंस और डेयरी प्रोडक्ट्स से एलर्जी की समस्या काफी आम हो गई है. ऐसे में अधिकतर लोगों ने टोफू या सोया पनीर खाना शुरू कर दिया है. खास बात ये ही कि ये प्रोटीन से भरपूर होने के साथ-साथ पूरी तरह प्लांट-बेस्ड होता है. लेकिन बाजार में मिलने वाले टोफू में लोगों को मिलावट होने का डर बना रहता है. ऐसे में अच्छी बात ये है कि आप इसे बहुत कम खर्च में घर पर आसानी से बना सकते हैं. लगभग 250 ग्राम सोयाबीन से करीब आधा किलो मसाला टोफू तैयार किया जा सकता है. इसी कड़ी में आज हम आपको घर पर टोफू बनाने का सबसे आसान तरीका बताने जा रहे हैं. इसकी जानकारी @HomemadeHappinessWithManisha नाम के यूट्यूब चैनल से शेयर की गई है.
टोफू बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 250 ग्राम या डेढ़ कप सोयाबीन
- 6 से 7 कप पानी
- 1/2 छोटा चम्मच जीरा
- 1/2 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
- 2-3 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1/2 छोटा चम्मच बारीक कटा अदरक
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- 1/4 छोटा चम्मच नमक
- दूध फाड़ने के लिए
- 2 बड़े चम्मच व्हाइट विनेगर
- 3 बड़े चम्मच पानी
घर पर कैसे बनाएं टोफू?
टोफू को बनाने के लिए आपको सबसे पहले सोया मिल्क बनाना होगा. इसके लिए आप सबसे पहले सोयाबीन को अच्छी तरह धोकर 8 से 10 घंटे या रातभर पानी में भिगो दें. भीगने के बाद इसके छिलकों को हाथ से रगड़कर निकाल लें. दरअसल, छिलके हटाने से टोफू अधिक मुलायम बनता है. इसके बाद सोयाबीन को साफ पानी से दो-तीन बार धो लें.
अब सोयाबीन को मिक्सर जार में डालें और 1.5 से 2 कप पानी मिलाकर एकदम बारीक पेस्ट पीस लें. इस पेस्ट को मलमल के कपड़े या सूती कपड़े की मदद से छान लें और दूध निकाल लें. बचे हुए पल्प में दोबारा पानी मिलाकर फिर से दूध निकालें. यह प्रोसेस 2 से 3 बार दोहराएं ताकि ज्यादा से ज्यादा सोया मिल्क प्राप्त हो सके.
निकले हुए सभी दूध को एक साथ मिला लें. अगर आपको इसे सिर्फ सोया मिल्क के रूप में इस्तेमाल करना है तो इसे अच्छी तरह उबालकर ठंडा करें और बोतल में भरकर फ्रिज में रखें. ये लगभग एक सप्ताह तक सही रह सकता है.

यह भी पढ़ें: बाजार वाली कैंडी भूल जाएंगे, आंवला और गुड़ से घर पर बनाएं खट्टी-मीठी चटपटी कैंडी, नोट करें रेसिपी
मसाला टोफू कैसे बनाएं?
सोया मिल्क को एक गहरे बर्तन में डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. इसे लगातार चलाते रहें ताकि दूध नीचे न चिपके. ऊपर आने वाले झाग को बीच-बीच में हटा दें. जब दूध गर्म हो जाए तो उसमें जीरा, चिली फ्लेक्स, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और नमक डालकर मिला दें. अब दूध को अच्छी तरह उबलने दें और 2 से 3 मिनट तक पकाएं ताकि सोयाबीन का कच्चापन खत्म हो जाए.
इसके बाद गैस बंद कर दें और दूध को 5 मिनट के लिए थोड़ा ठंडा होने दें. एक कप में विनेगर और पानी मिलाकर घोल तैयार करें. इस घोल को दूध में थोड़ा-थोड़ा करके डालें और हल्के हाथ से चलाएं. कुछ ही देर में दूध फटने लगेगा और टोफू का दाना अलग होने लगेगा. जब दूध पूरी तरह फट जाए तो बर्तन को ढककर 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें.
टोफू को सेट कैसे करें?
टोफू को सेट करने के लिए एक छलनी में मलमल का कपड़ा बिछाकर फटे हुए दूध को छान लें. फिर कपड़े को चारों तरफ से इकट्ठा करके पोटली बना लें और अतिरिक्त पानी निकाल दें. अब पोटली को किसी प्लेट पर रखकर उसके ऊपर दूसरी प्लेट रखें और वजन के लिए चकला या कोई भारी चीज रख दें. लगभग 1 घंटे तक इसे ऐसे ही रहने दें. एक घंटे बाद टोफू पूरी तरह सेट हो जाएगा. इसे मनचाहे आकार में काट लें. तैयार टोफू मुलायम, स्वादिष्ट और प्रोटीन से भरपूर होता है.
टोफू स्टोर कैसे करें?
वीडियो में बताया गया है कि तैयार टोफू को एयरटाइट कंटेनर में पानी के अंदर डुबोकर फ्रिज में रखें. ये लगभग 2 सप्ताह तक सही रह सकता है. एकदम फ्रेश बनाए रखने के लिए कंटेनर का पानी हर 1-2 दिन में बदलते रहें.
यह भी पढ़ें: मेथी प्याज का लच्छा पराठा ऐसा कि खाते रह जाओगे, हर कोई बार-बार बनाने की करेगा डिमांड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं