विज्ञापन

3 साल तक नहीं बोल पाई महिला, ट्रीटमेंट की सही प्लानिंग से लौटी आवाज, बोली- "सोचा अब कभी नहीं बोल पाऊंगी'

26 साल की एक महिला की मलेरिया की वजह से आवाज चली गई, जिसे लगा वो कभी अब बोल नहीं सकती है. लेकिन बेहतर इलाज से उसकी आवाज लौट गई. यहां जानते हैं इलाज की सफलता की स्टोरी-

3 साल तक नहीं बोल पाई महिला, ट्रीटमेंट की सही प्लानिंग से लौटी आवाज, बोली- "सोचा अब कभी नहीं बोल पाऊंगी'
Airway Stenosis Treatment India : 3 साल बाद महिला की लौटी आवाज

मच्छरों से होने वाली समस्याएं अक्सर लोगों को छोटी-मोटी लगती है. लेकिन कई बार मच्छरों की वजह से होने वाली डेंगू-मलेरिया जैसी परेशानियां जानलेवा भी साबित होती है. वहीं, कुछ मामलों में इसकी वजह से मरीज की स्थिति गंभीर हो सकती है. हाल ही में एक ऐसा ही मामला सामने आया है. दरअसल, तंजानिया की 26 वर्षीय अक्रत अब्दुल म्वेटा के लिए पिछले तीन साल बहुत ही चुनौतीपूर्ण रहे. सेरेब्रल मलेरिया से उबरने के बाद भी वह सामान्य जिंदगी में नहीं लौट सकीं. लंबी बीमारी के दौरान उन्हें वेंटिलेटर पर रखना पड़ा, जिसकी वजह से उनकी ट्रेकिया में गंभीर सिकुड़न आ गई. हालत ऐसी हो गई कि बोलना, सामान्य तरीके से खाना खाना और बिना मेडिकल सपोर्ट के सांस लेना मुश्किल हो गया.

नई दिल्ली के बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में इलाज के बाद अब अक्रत फिर से अपनी प्राकृतिक आवाज में बोल पा रही हैं और बिना किसी बाहरी सहारे के सांस ले रही हैं. इलाज के बाद वह तंजानिया लौट चुकी हैं और अपनी अधूरी कॉलेज शिक्षा दोबारा शुरू करने की तैयारी कर रही हैं. यहां जानते हैं अक्रत की पूरी कहानी-

कई सर्जरी के बाद भी नहीं मिल रही थी राहत

सितंबर 2023 में अक्रत को सेरेब्रल मलेरिया होने पर आईसीयू में भर्ती कराया गया था. एक महीने से अधिक समय तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रहने के कारण उनकी श्वासनली में स्कार टिश्यू बन गया, जिससे सांस का रास्ता संकरा हो गया. बाद में उन्हें ट्रेकियोस्टॉमी करानी पड़ी और गले में एक ट्यूब लगानी पड़ी.

अगले ढाई साल में उन्होंने तंजानिया और भारत में कई प्रोसेस और सर्जरी कराईं. शुरुआती राहत मिलने के बावजूद श्वासनली की सिकुड़न बार-बार लौट आती थी. डॉक्टरों ने यहां तक कह दिया था कि उन्हें जीवनभर सांस की नली के सहारे रहना पड़ सकता है.

डॉक्टरों ने बनाई स्पेशल ट्रीटेमेंट की प्लानिंग

मामला जटिल होने के कारण चेस्ट एवं रेस्पिरेटरी डिजीज विशेषज्ञ डॉ. संदीप नायर और उनकी टीम ने डिटेल से जांच की. जांच में पता चला कि वॉइस बॉक्स के नीचे करीब 3 सेंटीमीटर लंबा हिस्सा काफी संकरा हो चुका था. डॉक्टरों ने स्टेप-बाय-स्टेप तरीके से इलाज की प्लानिंग की बनाई. पहले श्वासनली के सिकुड़े हिस्से को चौड़ा किया गया और अतिरिक्त स्कार टिश्यू हटाया गया. इसके बाद रास्ते को खुला रखने के लिए अस्थायी मेटल स्टेंट लगाया गया.

चार दिन में बदली जिंदगी

इलाज के चार दिन बाद ही डॉक्टर गले में लगी सांस की नली हटाने में सफल रहे. करीब तीन साल बाद अक्रत पहली बार सामान्य रूप से बोल सकीं. धीरे-धीरे उनकी सांस लेने की क्षमता बेहतर हुई और वह सामान्य भोजन भी करने लगीं.

बाद में जब श्वासनली पूरी तरह ठीक होने लगी तो अस्थायी स्टेंट भी हटा दिया गया. जांच में पाया गया कि बिना किसी ट्यूब या सपोर्ट के भी उनका एयरवे खुला हुआ है. इसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

क्या बोले डॉ. संदीप नायर

डॉ. संदीप नायर ने कहा कि ये मामला चुनौतीपूर्ण था क्योंकि मरीज की पहले कई सर्जरी हो चुकी थीं और श्वासनली की सिकुड़न बार-बार लौट रही थी. उनकी टीम का लक्ष्य बिना अतिरिक्त नुकसान पहुंचाए सांस का रास्ता खोलना था. उनके मुताबिक, सावधानीपूर्वक की गई प्रोसेस और अस्थाई स्टेंट की मदद से श्वासनली को दोबारा सामान्य स्थिति में लाया जा सका.

ये भी पढ़ें - 36 हफ्ते की गर्भवती लग रही थी महिला, स्कैन किया तो डॉक्टर की फटी रह गई आंखें, निकला पपीते से भी बड़ा...

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Airways, Voice, Health
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com