जैसे बालों के टूटने की समस्या आज आम हो चुकी है, उसी तरह कम उम्र में बालों का सफेद होना भी तेजी से बढ़ रहा है। इस समस्या से जूझ रहे लोग अक्सर राहत पाने के लिए महंगे-महंगे इलाज और उत्पादों का सहारा लेते हैं, लेकिन उन्हें मनचाहे परिणाम नहीं मिल पाते.
ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर ऐसा क्या किया जाए, जिससे बालों को किसी तरह का नुकसान भी न पहुंचे और सफेद बालों की समस्या से भी छुटकारा मिल सके. इसी विषय पर आयुर्वेदाचार्य एवं योग गुरु प्रो. डॉ. राम अवतार ने एनडीटीवी से खास बातचीत की. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त डॉ. राम अवतार को योग, आयुर्वेद, नाड़ी विज्ञान और न्यूरोथेरेपी के क्षेत्र में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव है.
उन्होंने भृंगराज के कुछ ऐसे गुणों और फायदों के बारे में बताया, जो सफेद बालों की समस्या को कम करने में मददगार साबित हो सकते हैं.
सफेद बालों के लिए भृंगराज के फायदे
आयुर्वेदाचार्य प्रो. डॉ. राम अवतार के अनुसार, इसके नियमित उपयोग से बालों की कई समस्याओं में राहत मिल सकती है.
भृंगराज के फायदे,
- बालों को प्राकृतिक रूप से काला बनाए रखने में मदद करता है.
- समय से पहले बाल सफेद होने की प्रक्रिया को धीमा कर सकता है.
- बालों की जड़ों को पोषण देता है और उन्हें मजबूत बनाता है.
- हेयर फॉल और बालों के टूटने की समस्या कम करने में सहायक है.
- स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करता है.
कैसे करें इस्तेमाल?
डॉ. राम अवतार के अनुसार, भृंगराज बालों को पोषण देने और समय से पहले सफेद होने की समस्या को कम करने में मदद कर सकता है. इसके फायदे बढ़ाने के लिए इसे कुछ आयुर्वेदिक चीजों के साथ मिलाकर लगाया जा सकता है.
भृंगराज + आंवला
- 2 चम्मच भृंगराज पाउडर में 1 चम्मच आंवला पाउडर मिलाएं.
- पानी या दही डालकर पेस्ट तैयार करें.
- इसे बालों की जड़ों में 30 से 40 मिनट तक लगाएं और फिर धो लें.
भृंगराज तेल + करी पत्ते
- 100 मिली भृंगराज तेल में 10 से 15 करी पत्ते डालकर हल्का गर्म करें.
- ठंडा होने पर छान लें.
- सप्ताह में 2-3 बार इससे सिर की मालिश करें.
भृंगराज + मेहंदी + आंवला
- 2 चम्मच भृंगराज पाउडर, 2 चम्मच मेहंदी और 1 चम्मच आंवला पाउडर मिलाएं.
- पानी डालकर पेस्ट बनाएं और 1 घंटे तक बालों में लगाएं.
- इसके बाद सादे पानी से धो लें.
भृंगराज तेल + नारियल तेल
- दोनों तेलों को बराबर मात्रा में मिलाकर हल्का गुनगुना करें.
- 10 मिनट तक स्कैल्प की मसाज करें.
- रातभर लगा रहने दें और सुबह शैंपू कर लें.
आयुर्वेदाचार्य एवं योग गुरु डॉ. राम अवतार (Prof. Dr. Ram Avtar) एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विशेषज्ञ हैं. उनके पास योग, आयुर्वेद, नाड़ी विज्ञान और न्यूरोथेरेपी में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव है.
इसे भी पढ़ें: 100 में से कितने स्मोकर्स को होता है कैंसर? RML के सीनियर डॉक्टर ने बताया चौंकाने वाला आंकड़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं