Safed Baal Kale Kaise Kare: आज के समय में कम उम्र में ही लोगों के बाल सफेद हो रहे हैं. गलत खान-पान और बढ़ता प्रदूषण हमारे सफेद बालों की एक बड़ी वजह है. दरअसल जब बाल सफेद होने शुरू होते हैं, तो ज्यादातर लोग तुरंत बाजार में मिलने वाली हेयर डाई या मेहंदी का सहारा लेते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि केमिकल वाली डाई और बार-बार मेहंदी लगाने से बाल रूखे, बेजान और कमजोर हो सकते हैं, जी हां आपने बिल्कुल सही सुना. अगर आप भी सफेद बालों की वजह से परेशान हैं, तो आयुर्वेदाचार्य एवं योग गुरु डॉ. राम अवतार द्वारा बताए इस घरेलू उपाय को जरूर आजमाएं.
क्यों खास है यह घरेलू नुस्खा?
- करी पत्ता- करी पत्ते में विटामिन बी, बीटा-कैरोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं. यह बालों के प्राकृतिक रंग को बनाए रखने में मदद करते हैं और बालों को झड़ने से रोक सकते हैं.
- मेथी के बीज- मेथी में प्रोटीन और निकोटिनिक एसिड होता है, जो बालों की जड़ों को पोषण देता है. इससे बाल मजबूत होते हैं, डैंड्रफ खत्म होता है और बालों में चमक आती है.
- नारियल तेल- नारियल तेल बालों को अंदर तक नमी देता है. जब इसमें करी पत्ता और मेथी पकते हैं, तो इसके गुण कई गुना बढ़ जाते हैं.

सफेद बालों को काला कैसे करें. (Image NDTV)
घर पर कैसे बनाएं ये तेल- (Safed Balo Ko Kala Karne Ka Tel)
इस तेल को बनाना बहुत ही आसान है. सबसे पहले आपको थोड़ा सा शुद्ध नारियल तेल लेना है. इसके साथ एक मुट्ठी ताजे करी पत्ते और 2 चम्मच मेथी दाना लें. एक लोहे की कढ़ाई या किसी बर्तन में नारियल तेल डालें. अब इसमें मेथी दाना और करी पत्ते मिला दें. तेल को धीमी आंच पर तब तक पकने दें जब तक कि मेथी दाना हल्का काला न हो जाए और करी पत्ते अपना रंग न छोड़ दें. जब तेल ठंडा हो जाए, तो इसे किसी कपड़े या छन्नी से छानकर कांच की शीशी में भर लें.
कैसे इस्तेमाल करें?
हफ्ते में कम से कम 2 से 3 बार इस तेल से अपने सिर और बालों की जड़ों में अच्छी तरह मालिश करें. तेल लगाने के बाद इसे कम से कम 1 से 2 घंटे तक बालों में लगा रहने दें. अगर चाहें तो इसे रात भर के लिए भी छोड़ सकते हैं. इसके बाद माइल्ड या हर्बल शैम्पू से बाल धो लें.
आयुर्वेदाचार्य एवं योग गुरु डॉ. राम अवतार (Prof. Dr. Ram Avtar) एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विशेषज्ञ हैं. उनके पास योग, आयुर्वेद, नाड़ी विज्ञान और न्यूरोथेरेपी में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव है.
ये भी पढ़ें- कंघी करते ही हाथ में आ जाता है बालों का गुच्छा? आयुर्वेदाचार्य से जानें बालों को कैसे बनाएं मजबूत, घना और लंबा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं