Balon Me Tel Kab Lagana Chahiye: क्या आप भी अपने झड़ते बालों से परेशान हैं, या समय से पहले ही आपके बाल सफेद हो गए हैं और आप आए दिन ऐसे नुस्खे तलाशते हैं, ताकि आप अपने सफेद बालों को हमेशा के लिए काला कर सकें. अब यहां सबसे पहला सवाल आता है कि क्या बालों में तेल लगाना चाहिए. अगर लगाना चाहिए तो कौन सा तेल बालों के लिए सबसे अच्छा है, अब अगर आप यह भी जान गए हैं तो दुविधा इस बात की कि भई तेल लगाया कब जाए.
क्योंकि चिकने और चिपचिपे बालों के साथ आप स्कूल, कॉलेज या दफ्तर तो जाने से रहे. और रात को बालों में तेल लगाकर सोना उतना कारगर लगता नहीं. पूरे तकिए पर तेल-तेल हो जाना और सुबह बाल धोने के लिए समय निकालना अपने आप में दो आफतें हैं.
आपके इन्हीं सब सवालों के जवाब लेने के लिए एनडीटीवी ने बात की आयुर्वेदाचार्य एवं योग गुरु प्रो. डॉ. राम अवतार से खास बातचीत की. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित डॉ. राम अवतार को योग, आयुर्वेद, नाड़ी विज्ञान और न्यूरोथेरेपी के क्षेत्र में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव है.
प्रो. डॉ. राम अवतार से हमने जाना कि सिर में कौन-कौन से दिन तेल लगाना चाहिए, 1 हफ्ते में बालों में कितनी बार तेल लगाना चाहिए और बालों में तेल लगाने का सही समय क्या है. आप भी जानिए-
क्या बालों में तेल लगाना जरूरी है? | Kya Balon me Tel Lagana Chaiye
प्रो. डॉ. राम अवतार के अनुसार, बालों और स्कैल्प को पोषण देने के लिए तेल लगाना एक अच्छी आदत है. वे कहते हैं कि तेल लगाने से सिर की त्वचा को नमी मिलती है, ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और बालों की जड़ों तक पोषण पहुंचता है. यहां प्रो. डॉ. राम अवतार ने यह भी याद दिलाया कि सिर्फ तेल लगाने से ही बालों का झड़ना या सफेद होना पूरी तरह बंद नहीं होगा.
इसके लिए आपको सही डाइट, बेहतर नींद और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना होगा. यानी सबसे पहली और जरूरी बात तो ये कि तेल कोई जादू की झड़ी नहीं है, जो बालों की हर समस्या को दूर कर देगी. लेकिन हां, यह वह औषधि जरूर है जो बालों की समस्याओं का हल निकाल सकती है और उन्हें कम कर सकती है. तो चलिए जानते हैं कि हफते में कितनी बार तेल लगाना चाहिए.
Also Read: बालों के लिए सबसे अच्छा तेल कौन सा है, एक्सपर्ट ने बताया कैसे करें इस्तेमाल | Best Oil For Hair
हफ्ते में कितनी बार लगाना चाहिए तेल? | 1 Hafte Me Kitni Bar Tel Lagana Chaiye
प्रो. डॉ. राम अवतार के अनुसार हफ्ते में 2 से 3 बार बालों में तेल लगाना चाहिए.
- अगर आपके बाल रूखे और बेजान हैं तो सप्ताह में 3 बार तेल लगाया जा सकता है.
- जिन लोगों की स्कैल्प ऑयली है, वे हफ्ते में 1 से 2 बार तेल लगाएं.
- बहुत ज्यादा तेल लगाने से बचना चाहिए. ऐसा करने से स्कैल्प पर धूल और गंदगी जमा हो सकती है जो बालों के लिए बुरी हो सकती है.
बालों में तेल लगाने का सबसे सही समय क्या है? | Balon Me Tel Kab Lagana Chaie
डॉ. राम अवतार का कहना है कि बाल धोने से 1 से 2 घंटे पहले तेल लगाना सबसे अच्छा माना जाता है. इससे तेल जड़ों तक पहुंच जाता है. और हां, इसे निकालना भी ज्यादा मुश्किल नहीं होता. आप तेल को जितनी ज्यादा देत तक बालों में रखेंगे इसे साफ कर पाना उतना ही मुश्किल होगा.
बालों में तेल कब नहीं लगाना चाहिए?
अक्सर यह देखा है कि लोगों को लगता है तेल जितना ज्यादा बालों में रहेगा बाल उतने मजबूत, काले और घने होंगे. लेकि सच यह नहीं है. अगर आप रातभर बालों में तेल लगाकर सोते हैं, तो यह तरीका गलत है. ऐसा करने से कुछ लोगों को स्कैल्प से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं. इसलिए जरूरत और बालों की प्रकृति के हिसाब से तेल लगाने का समय तय करना चाहिए.
सप्ताह में किन दिनों तेल लगाना चाहिए?
प्रो. डॉ. राम अवतार कहते हैं कि आयुर्वेद में शरीर की प्रकृति और दिनचर्या को महत्व दिया जाता है. हालांकि तेल लगाने के लिए कोई सख्त नियम नहीं है, लेकिन नियमितता जरूरी है. आप अपने हिसाब से हफ्ते में 2 से 3 बार तेल लगाकर स्कैल्प की मालिश कर सकते हैं. जरूरी बात यह है कि तेल लगाने और बाल साफ रखने के बीच संतुलन बना रहे.
कौन-सा तेल बालों के लिए अच्छा है? | Balon Ke liye Sabse Achha Tel Kaun Sa Hai
प्रो. डॉ. राम अवतार के अनुसार, तेल का चुनाव आपकी बालों की जरूरत और प्रकृति के अनुसार होना चाहिए.
नारियल तेल:
- बालों को गहराई से पोषण देता है.
- रूखे और कमजोर बालों के लिए फायदेमंद माना जाता है.
तिल का तेल
- आयुर्वेद में तिल के तेल को काफी महत्व दिया गया है.
- स्कैल्प को पोषण देने और मसाज के लिए अच्छा माना जाता है.
आंवला युक्त तेल
- बालों की चमक और मजबूती बनाए रखने में मदद कर सकता है.
- बालों की देखभाल के लिए पारंपरिक रूप से उपयोग किया जाता है.
भृंगराज तेल
- आयुर्वेद में बालों के लिए लोकप्रिय तेलों में से एक है.
- बालों की जड़ों को पोषण देने के लिए इस्तेमाल किया जाता है.
प्रो. डॉ. राम अवतार से जानें तेल लगाने का सही तरीका | Balon Me Tel Lagane Ka Sahi Tarika
- तेल को हल्का गुनगुना कर लें.
- उंगलियों की मदद से स्कैल्प पर लगाएं.
- 5 से 10 मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करें.
- तेल लगाने के बाद तुरंत जोरदार कंघी न करें.
- 1 से 2 घंटे बाद माइल्ड शैम्पू से बाल धो लें.
सिर्फ तेल नहीं, इन बातों का भी रखें ध्यान
बालों को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ तेल लगाना ही काफी नहीं है. विशेषज्ञ बताते हैं कि पर्याप्त प्रोटीन, विटामिन, आयरन और पानी का सेवन भी जरूरी है. इसके अलावा तनाव कम करना, पर्याप्त नींद लेना और केमिकल युक्त उत्पादों का सीमित उपयोग करना भी बालों की सेहत को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है.
अगर आप चाहते हैं कि आपके बाल लंबे समय तक स्वस्थ, मजबूत और चमकदार बने रहें, तो तेल लगाने की सही आदत अपनाना जरूरी है. हफ्ते में 2 से 3 बार तेल लगाना, सही तेल का चुनाव करना और उचित समय पर बाल धोना बालों की देखभाल का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है. हालांकि, लगातार बाल झड़ने या तेजी से सफेद होते बालों की समस्या होने पर विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
आयुर्वेदाचार्य एवं योग गुरु डॉ. राम अवतार (Prof. Dr. Ram Avtar) एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विशेषज्ञ हैं. उनके पास योग, आयुर्वेद, नाड़ी विज्ञान और न्यूरोथेरेपी में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं