विज्ञापन

प्री-वर्कआउट सप्लीमेंट लेते ही क्यों होने लगती है खुजली? जानें इसके पीछे का असली सच

क्या आपको भी प्री-​वर्कआउट सप्लीमेंट लेते ही चेहरे और हाथों पर होने लगती है अजीब सी खुजली, अगर हां तो इस आर्टिकल में जानें इसकी वजह.

प्री-वर्कआउट सप्लीमेंट लेते ही क्यों होने लगती है खुजली? जानें इसके पीछे का असली सच
प्री-वर्कआउट की खुजली से कहीं स्किन खराब तो नहीं हो रही? (Image NDTV)

आज के समय में ज्यादातर युवा वर्ग खुद को फिट और हेल्दी रखने के लिए जिम जाते हैं. अगर आप जिम जाते हैं या वर्कआउट करते हैं, तो आपने एक बात जरूर नोटिस की होगी. प्री-वर्कआउट सप्लीमेंट (Pre-Workout Supplement) लेने के कुछ ही देर बाद शरीर में एक अजीब सी खुजली, झुनझुनी या सुई चुभने जैसा अहसास होने लगता है. ऐसा लगता है जैसे चेहरे, गर्दन, हाथों या बाजुओं पर छोटी-छोटी चींटियां चल रही हों. ​जो लोग पहली बार इस सप्लीमेंट को लेते हैं, वे तो अक्सर डर जाते हैं कि कहीं कोई गड़बड़ तो नहीं हो गई. लेकिन क्या सच में यह खुजली हमारी स्किन को नुकसान पहुंचाती है? आइए जानते हैं इसके पीछे का असली सच है.

​आखिर क्यों होती है यह अजीब सी खुजली?

​इस खुजली या झुनझुनी के पीछे सप्लीमेंट में मौजूद कुछ खास चीजें जिम्मेदार हैं. इनमें सबसे बड़ा नाम है बीटा-एलेनिन (Beta-Alanine). यह एक ऐसा इंग्रीडिएंट है जो लगभग हर प्री-वर्कआउट फॉर्मूले में पाया जाता है. ​जब आप बीटा-एलेनिन लेते हैं, तो यह हमारी स्किन की सतह के पास मौजूद कुछ खास नसों को एक्टिव कर देता है. इसकी वजह से शरीर में झुनझुनी, खुजली या हल्की जलन महसूस होने लगती है. मेडिकल की भाषा में इस अहसास को पेरेस्टीसिया (Paresthesia) कहा जाता है.

यह कितने समय तक रहती है?

​आमतौर पर यह खुजली या झुनझुनी प्री-वर्कआउट सप्लीमेंट पीने के 15 से 30 मिनट के अंदर शुरू हो जाती है. अच्छी बात यह है कि यह हमेशा के लिए नहीं रहती. लगभग एक घंटे के भीतर यह अपने आप पूरी तरह ठीक हो जाती है.

क्या कहती है ​रिसर्च?

जर्नल ऑफ न्यूरोसाइंस (Journal of Neuroscience) में छपी एक रिसर्च के मुताबिक, प्री-वर्कआउट के बाद होने वाली इस झुनझुनी और खुजली की मुख्य वजह बीटा-एलेनिन ही है. इसके अलावा, कई बार सप्लीमेंट्स में मौजूद नियासिन (विटामिन B3) की भारी मात्रा भी इसका कारण बनती है.

Latest and Breaking News on NDTV

सप्लीमेंट लेने के बाद खुजली क्यों होती है.Photo Credit: ians

​यह खुजली आपको कितनी ज्यादा होगी, यह इन बातों पर निर्भर करता है-

  1. ​आपने सप्लीमेंट की कितनी डोज ली है.
  2. ​आपके शरीर की सप्लीमेंट को लेकर संवेदनशीलता कितनी है.
  3. ​क्या आपने इसे खाली पेट पिया है. 

​क्या यह हमारी स्किन को नुकसान पहुंचाती है?

​ज्यादातर मामलों में बीटा-एलेनिन की वजह से होने वाली यह खुजली आपकी स्किन को कोई नुकसान नहीं पहुंचाती है. यह किसी तरह का स्किन डैमेज नहीं करती. आम एलर्जी की तरह इसमें स्किन पर कोई गंभीर सूजन, छाले या लंबे समय तक रहने वाली जलन नहीं देखी जाती है. यह बस एक नॉर्मल साइड इफेक्ट है जो थोड़ी देर में गायब हो जाता है.

​इस खुजली को कम करने के आसान उपाय-

​अगर आपको यह झुनझुनी बहुत ज्यादा परेशान करती है और आप इसे कम करना चाहते हैं, तो ये आसान तरीके अपना सकते हैं-

  • ​डोज कम करें
  • ​छोटे हिस्सों में बांट कर ले सकते हैं
  • ​कुछ खाकर लें 
  • ​​पानी खूब पिएं 

अगर आपको बहुत ज्यादा दिक्कत हो रही है, तो तुरंत सप्लीमेंट लेना बंद कर दें और बिना देरी किए डॉक्टर से सलाह लें. 

ये भी पढ़ें- इस तरह आपके फेफड़ों को बीमार बनाती है प्रदूषित हवा, जानिए क्या है बचने के उपाय

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com