Mauganj Rape Case: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक आदिवासी युवती ने युवक पर पहचान छुपाकर करीबियां बढ़ाने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बाद में अपहरण कर बंधक बनाकर मारपीट करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि आरोपी और उसके परिजनों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जान से मारने की कोशिश की और कोर्ट मैरिज के नाम पर 50 हजार रुपये भी ऐंठ लिए. इतना ही नहीं, युवती ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं. फिलहाल मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है और जांच की मांग तेज हो गई है.
इलाज के दौरान हुई पहचान
हनुमना थाना क्षेत्र की रहने वाली 26 वर्षीय युवती के अनुसार उसकी पहचान पतुलखी निवासी मो. सैफ अली से इलाज के दौरान हुई थी. पीड़िता का कहना है कि आरोपी क्लीनिक संचालित करता था और उसने अपना वास्तविक परिचय छुपाकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाया.

Mauganj Rape Case: आरोपी
शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
युवती का आरोप है कि शादी का विश्वास दिलाकर आरोपी ने उसके साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए. पीड़िता के अनुसार करीब तीन वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया गया. जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी मुकरने लगा.
पहले भी दर्ज हुआ था दुष्कर्म का मामला
पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2024 में उसने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था. इसके बाद आरोपी जेल भी गया, लेकिन बाद में जमानत पर बाहर आने के बाद फिर युवती को भरोसे में लेने लगा. उसने फिर शादी करने का वादा किया और कोर्ट मैरिज कराने की बात कही.
कोर्ट मैरिज के नाम पर ऐंठे 50 हजार
युवती का आरोप है कि आरोपी उसे नईगढ़ी थाना क्षेत्र के भीर गांव बुलाकर ले गया. इसके बाद आरोपी और उसके परिजन उसे रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र स्थित बरहट गांव ले गए, जहां कोर्ट मैरिज कराने के नाम पर उससे 50 हजार रुपये लिए गए.
कमरे में बंद कर की मारपीट
पीड़िता का कहना है कि रुपये लेने के बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया. उसके साथ रातभर मारपीट की गई, गला दबाने की कोशिश की गई और जमीन पर घसीटा गया. यहां तक कि पत्थर से हमला कर जान लेने का प्रयास भी किया गया.
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
युवती के मुताबिक, उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के कारण उसकी जान बच सकी. इसके बाद वह किसी तरह गढ़ थाना पहुंची.
पुलिस पर भी लगाए आरोप
पीड़िता ने पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. उसका आरोप है कि गढ़ थाने में शिकायत देने के बावजूद उसकी FIR दर्ज नहीं की गई और केवल सादे कागज पर हस्ताक्षर करवा लिए गए. इससे पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
SP से लगाई न्याय की गुहार
अब पीड़िता ने मऊगंज पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उसने दुष्कर्म, अपहरण, मारपीट, धमकी और जान से मारने की कोशिश सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करने और मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है.

Mauganj Rape Case: पुलिस जांच जारी
जांच के बाद होगी स्थिति साफ
मऊगंज के एडिशनल एसपी विक्रम सिंह परिहार ने कहा कि अभी फरियादी द्वारा एक आवेदन हमारे यहां प्रस्तुत किया गया था, जिसमें उसके द्वारा बताया गया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा अपहरण करके उसके साथ जबरदस्ती अवैध तरीके से शारीरिक संबंध बनाए गए. जानकारी मिलने पर हमने तत्काल थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि मामले की जांच कर विधित कार्यवाही करें. प्राइमफेसी फरियादी के द्वारा बताया गया था कि पूर्व में उसी व्यक्ति के विरुद्ध केस कराया गया था, वो मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है. फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू करने की बात कही है. आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और कार्रवाई जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
मामले ने खड़े किए कई सवाल
इस पूरे घटनाक्रम ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अगर पीड़िता के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला केवल दुष्कर्म या धोखाधड़ी का नहीं, बल्कि संगठित प्रताड़ना और अपराध का गंभीर मामला बन सकता है.
यह भी पढ़ें : ASP बनाकर IPS आयुष जाखड़ का ट्रांसफर; शिवपुरी थार कांड में की थी कार्रवाई, प्रमोशन या पॉलिटिकल प्रेशर
यह भी पढ़ें : जालंधर: आरोपी को पकड़ने गई पुलिस और परिवार में टकराव; फायरिंग के बाद युवक की मौत, जांच जारी
यह भी पढ़ें : गंदगी, बदबू और मजबूरी के बीच जिंदगी: महासमुंद की 117 सफाई दीदियों का संघर्ष व दर्द; शहर साफ, खुद बदहाल
यह भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा केस: जेल में भी विवादों में गिरिबाला सिंह और बेटा समर्थ, अस्पताल वार्ड में रखने पर जांच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं