विज्ञापन

जामुन के बीज हैं सेहत का खजाना, जानें दिल से लेकर पाचन तक के फायदे

जामुन के बीजों में छिपे हैं कई हेल्थ फायदे. जानें कैसे ये ब्लड शुगर कंट्रोल से लेकर पाचन और दिल की सेहत तक मदद कर सकते हैं.

जामुन के बीज हैं सेहत का खजाना, जानें दिल से लेकर पाचन तक के फायदे
जामुन के बीज के फायदे
NDTV

जामुन स्वाद में जितना अच्छा लगता है, उतना ही सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. ज्यादातर लोग जामुन खाकर उसके बीज फेंक देते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि जामुन के बीजों में भी कई ऐसे गुण होते हैं, जो शरीर को फायदा पहुंचा सकते हैं. आयुर्वेद में सालों से जामुन के बीजों का इस्तेमाल किया जाता रहा है. अब कई वैज्ञानिक रिसर्च में भी यह बात सामने आई है कि जामुन के बीज शरीर के कई कामों में मदद कर सकते हैं.

जामुन के बीज के क्या फायदे हैं?

विशेषज्ञों के अनुसार, जामुन के बीजों में पॉलीफेनॉल, फ्लेवोनॉयड्स, टैनिन और कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं. एंटीऑक्सीडेंट ऐसे तत्व होते हैं जो शरीर में बनने वाले हानिकारक फ्री रेडिकल्स को कम करने में मदद करते हैं. फ्री रेडिकल्स कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाते हैं और समय से पहले बुढ़ापा, सूजन और कई बीमारियों का खतरा बढ़ा सकते हैं. जब शरीर को पर्याप्त एंटीऑक्सीडेंट मिलते हैं तो कोशिकाओं की सुरक्षा बेहतर होती है और शरीर की प्राकृतिक रक्षा प्रणाली मजबूत बनी रहती है.

ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मददगार

जामुन के बीज ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मददगार होते हैं. कई रिसर्च में पाया गया है कि जामुन के बीजों में ऐसे तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर में शुगर बढ़ने की गति को धीमा करते हैं. जब हम खाना खाते हैं तो उसमें मौजूद शर्करा खून में पहुंचती है. जामुन के बीज इस प्रक्रिया को थोड़ा धीमा करने में मदद करते हैं, इससे खून में शुगर का स्तर अचानक बहुत तेजी से नहीं बढ़ता. हालांकि डायबिटीज के मरीजों को इसके चूर्ण का सेवन करने से डॉक्टरों की सलाह लेनी चाहिए.

पाचन को सुधारने में फायदेमंद

जामुन के बीज पेट के लिए भी अच्छे माने जाते हैं. इनमें फाइबर होता है, जो भोजन को सही तरीके से पचाने में मदद करता है. फाइबर आंतों की सफाई में भी मदद करता है और कब्ज की परेशानी को कम करता है. जिन लोगों को पेट ठीक से साफ नहीं होता या बार-बार पाचन की समस्या रहती है, उनके लिए जामुन और उसके बीज फायदेमंद होते हैं.

सूजन कम करने में सहायक

जामुन के बीज शरीर में होने वाली सूजन को कम करने में भी मदद करते हैं. कई बार शरीर के अंदर लंबे समय तक हल्की सूजन बनी रहती है, जिससे धीरे-धीरे दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं शुरू हो सकती हैं. जामुन के बीजों में मौजूद कुछ प्राकृतिक तत्व इस सूजन को कम करने में मदद करते हैं.

दिल की सेहत के लिए अच्छे

जामुन के बीज दिल को स्वस्थ रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं. इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट खून की नसों को नुकसान से बचाने में मदद करते हैं. वहीं, जामुन में पाया जाने वाला पोटैशियम शरीर में नमक और पानी का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है, इससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है, जिससे दिल पर भी कम दबाव पड़ता है.

जामुन के बीज का इस्तेमाल कैसे करें?

जामुन के बीजों का उपयोग आमतौर पर उन्हें सुखाकर और पीसकर किया जाता है. कई लोग सुबह खाली पेट या गुनगुने पानी के साथ इसका चूर्ण लेते हैं. हालांकि हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है, इसलिए पहले डॉक्टर या स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है.

इसे भी पढ़ें: चिप्स खाने का मजा होगा डबल, हाथ नहीं होंगे गंदे, वायरल हो रहा ये हैक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jamun Seeds Benefits, Jamun Ke Beej Ke Fayde, Diabetes Control, Blood Sugar Tips, Digestion Health
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com