बारिश का मौसम आते ही कई लोगों को जोड़ों और घुटनों में दर्द की शिकायत होने लगती है. खासकर घुटनों में दर्द और अकड़न महसूस होना इस मौसम में आम बात है. ऐसा इसलिए भी होता है क्योंकि बारिश के दिनों में लोग कम चलते-फिरते हैं और शारीरिक गतिविधियां घट जाती हैं. कई लोग इसे सिर्फ मौसम का असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन ऐसा करना सही नहीं है.
अगर जोड़ों का दर्द लगातार बना रहे, तो इसका असर आपकी रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है. चलने-फिरने, सीढ़ियां चढ़ने और दूसरे जरूरी कामों में दिक्कत हो सकती है.
अगर आप भी मानसून में जोड़ों के दर्द से परेशान रहते हैं, तो हल्दी की चाय आपके लिए फायदेमंद हो सकती है. बीएमसी कॉम्प्लिमेंट्री मेडिसिन एंड थैरेपीज़ में पब्लिश हुई एक रिसर्च के अनुसार, ऑस्टियोआर्थराइटिस से पीड़ित लोगों में हल्दी दर्द कम करने में मदद कर सकती है. हल्दी में पाया जाने वाला करक्यूमिन नाम का तत्व जोड़ों के दर्द और सूजन को कम करने में असरदार माना जाता है.
हल्दी की चाय क्यों फायदेमंद है?
हल्दी में मौजूद करक्यूमिन में सूजन कम करने वाले गुण होते हैं. जब शरीर की सूजन कम होती है, तो जोड़ों का दर्द भी कम महसूस हो सकता है. यही वजह है कि हल्दी को लंबे समय से घरेलू नुस्खों में इस्तेमाल किया जाता रहा है.
इसके अलावा हल्दी में एंटीऑक्सीडेंट भी होते हैं, जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाने में मदद करते हैं. यह जोड़ों में होने वाली सूजन और तनाव को कम करके राहत पहुंचा सकती है.
रिसर्च क्या कहती है?
करंट रूमेटोलॉजी रिपोर्ट्स में छपी एक रिसर्च के मुताबिक, हल्दी जोड़ों में बनी रहने वाली हल्की सूजन को कम करने में मदद कर सकती है। कच्ची हल्दी या हल्दी के अर्क का सेवन घुटनों के दर्द को कम करने में फायदेमंद पाया गया है.
कुछ अध्ययनों में यह भी सामने आया है कि हल्दी सिर्फ दर्द ही कम नहीं करती, बल्कि लोगों की चलने-फिरने की क्षमता में भी सुधार ला सकती है. अच्छी बात यह है कि इसके दुष्प्रभाव सामान्य दर्द निवारक दवाओं की तुलना में कम देखे गए हैं.
कैसे बनाएं हल्दी की चाय?
सामग्री
- पानी (1 कप)
- हल्दी पाउडर या कुटी हुई कच्ची हल्दी (आधा से 1 चम्मच)
- अदरक, दालचीनी या काली मिर्च (थोड़ा सा, वैकल्पिक)
- शहद (स्वाद के लिए)
बनाने का तरीका
- एक कप पानी को उबालें.
- इसमें हल्दी डालें और 5 से 7 मिनट तक पकने दें.
- चाहें तो अदरक, दालचीनी या काली मिर्च भी मिला सकते हैं.
- आखिर में स्वाद के लिए थोड़ा शहद डालकर पी लें.
काली मिर्च मिलाना क्यों अच्छा माना जाता है?
विशेषज्ञों के अनुसार, हल्दी के साथ थोड़ी सी काली मिर्च मिलाने से शरीर करक्यूमिन को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाता है. काली मिर्च में मौजूद पाइपरिन नाम का तत्व हल्दी के गुणों को शरीर तक पहुंचाने में मदद करता है.
किन लोगों को ज्यादा फायदा मिल सकता है?
- बढ़ती उम्र के कारण जोड़ों में अकड़न महसूस करने वाले लोग
- ऑस्टियोआर्थराइटिस के मरीज
- लंबे समय तक कुर्सी पर बैठकर काम करने वाले लोग
- मौसम बदलते ही जोड़ों में दर्द महसूस करने वाले लोग
इसे भी पढ़ें: दुनिया भर में लगातार बढ़ रहे हैं कैंसर के मामले, WHO की आई नई रिपोर्ट में बताए गए कारण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं