विज्ञापन

बाल झड़ रहे हैं? रोज खाएं ये 9 शाकाहारी बायोटिन रिच फूड्स, लंबे और घने होंगे बाल

बालों के झड़ने और कमजोर होने की समस्या से परेशान हैं? जानिए बायोटिन (विटामिन B7) से भरपूर शाकाहारी फूड्स के बारे में, जो बालों की ग्रोथ बढ़ाने, हेयर फॉल कम करने और रोजाना 30 mcg बायोटिन की जरूरत पूरी करने में मदद कर सकते हैं.

बाल झड़ रहे हैं? रोज खाएं ये 9 शाकाहारी बायोटिन रिच फूड्स, लंबे और घने होंगे बाल
बिना सप्लीमेंट के पूरा करें 30 mcg बायोटिन, बालों को लंबा और मजबूत बनाएंगी ये शाकाहारी चीजें
NDTV

आजकल कंघी करते ही हाथ में बालों का गुच्छा आ जाना या तकिये पर टूटे हुए बाल दिखना बहुत लोगों की रोज की परेशानी बन चुका है. बाजार में मिलने वाले महंगे-महंगे शैम्पू, तेल या तरह-तरह के हेयर सीरम भी तब तक काम नहीं करते जब तक कि हमारे बालों की जड़ों को अंदर से सही खुराक न मिले. जब भी खूबसूरत, घने और लंबे बालों की बात आती है, तो डॉक्टर सबसे पहले बायोटिन यानी विटामिन बी7 की बात करते हैं. असल में बायोटिन वह खास पोषक तत्व है जो बालों की जड़ों में केराटिन नाम के प्रोटीन को बनाने में सीधी मदद करता है.

एक आम इंसान को दिनभर में केवल 30 माइक्रोग्राम (mcg) बायोटिन की जरूरत होती है. यह मात्रा सुनने में बहुत छोटी लगती है, लेकिन अगर हमारे खाने में लापरवाही हो जाए तो इसकी कमी से बाल पतले होने लगते हैं, नाखून टूटने लगते हैं और चेहरे की चमक भी खो जाती है.

इस बारे में अध‍िक जानकारी के लिए एनडीटीवी ने बात की यूनानी विशेषज्ञ डॉ. सैयद अहमद खान से. वे कहते हैं कि बहुत से लोगों को लगता है कि बायोटिन केवल मांसाहारी खानों या सप्लीमेंट्स से ही मिल सकता है, जबकि हकीकत यह है कि हमारी रोजमर्रा की शाकाहारी रसोई में ही ऐसे कई आसान विकल्प मौजूद हैं जो इस जरूरत को चुटकियों में पूरा कर सकते हैं. यूनानी विशेषज्ञ डॉ. सैयद अहमद खान ने बताए ऐसे 9 फूड्स जो आपकी इस जरूरत को पूरा करने में मदद कर सकते हैं.

बायोटिन से भरपूर शाकाहारी चीजें

  1. भुनी हुई मूंगफली: डॉ. सैयद अहमद खान के अनुसारए टाइमपास के लिए खाई जाने वाली मूंगफली असल में बालों के लिए वरदान है. केवल एक छोटी मुट्ठी (लगभग 30 ग्राम) भुनी हुई मूंगफली से आपको लगभग 5 से 6 mcg बायोटिन आसानी से मिल जाता है. इसके साथ इसमें मौजूद हेल्दी फैट्स बालों की ड्राईनेस को भी खत्म करते हैं.
  2. शकरकंद: सर्दियों में मिलने वाली मीठी शकरकंद विटामिन ए के साथ बायोटिन का बहुत बढ़िया खजाना है. आधा कप उबली हुई शकरकंद खाने से शरीर को लगभग 2.4 mcg बायोटिन मिल जाता है. इसे हल्का सा भूनकर चाट की तरह खाना सबसे आसान तरीका है.
  3. बादाम और अखरोट: रोज सुबह 4-5 भीगे हुए बादाम और 2 अखरोट खाने की आदत बालों को टूटने से रोकती है. एक चौथाई कप बादाम से आपको करीब 1.5 mcg बायोटिन के साथ भरपूर विटामिन ई मिलता है जो स्कैल्प में खून का दौरा तेज करता है.
  4. सूरजमुखी के बीज: अगर आपके बाल बहुत तेजी से झड़ रहे हैं, तो सनफ्लावर सीड्स को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें. एक चौथाई कप सूरजमुखी के बीजों में लगभग 2.6 mcg बायोटिन पाया जाता है. इन्हें हल्का सा तवे पर सेक कर शाम के समय स्नैक्स की तरह खाया जा सकता है.
  5. पालक और हरी सब्जियां: यूनानी विशेषज्ञ डॉ. सैयद अहमद खान कहते हैं कि पत्तेदार हरी सब्जियां सेहत के साथ-साथ बालों के विकास के लिए बहुत जरूरी हैं. एक कटोरी पके हुए पालक से आपको करीब 0.5 से 1 mcg बायोटिन के साथ-साथ भरपूर आयरन भी मिलता है, जिससे बालों की जड़ें मजबूत होती हैं.
  6. सोयाबीन और टोफू: शाकाहारी लोगों के लिए सोयाबीन प्रोटीन का सबसे बड़ा जरिया है. इसके साथ ही लगभग 100 ग्राम पकी हुई सोयाबीन से 15 से 18 mcg तक बायोटिन मिल सकता है. यह अकेले ही आपकी दिनभर की जरूरत का आधा हिस्सा पूरा कर देता है.
  7. मशरूम: मशरूम बहुत स्वादिष्ट होने के साथ बायोटिन का एक कुदरती स्रोत है. एक कप कटे हुए ताजे मशरूम में लगभग 5 to 6 mcg बायोटिन होता है. इसे आप सूप में डालकर या सब्जी बनाकर आसानी से खा सकते हैं.
  8. ओट्स और दलिया: सुबह के नाश्ते में ओट्स खाना वजन संभालने के साथ बालों के लिए भी अच्छा है. एक कटोरी ओट्स से शरीर को लगभग 1.5 mcg बायोटिन मिल जाता है.
  9. केला: रोज एक पका हुआ केला खाने से न सिर्फ पाचन सही रहता है बल्कि यह करीब 0.2 से 0.4 mcg बायोटिन भी शरीर को देता है.

दिनभर में 30 mcg बायोटिन कैसे पूरा करें

डॉ. सैयद अहमद खान कहते हैं क‍ि बायोटिन की 30 mcg की जरूरत को पूरा करना कोई मुश्किल काम नहीं है. बस आपको अपनी दिनचर्या में छोटी-छोटी चीजें जोड़नी होंगी. जैसे- 

  1. सुबह का नाश्ता: सुबह उठकर 4 भीगे बादाम और ओट्स का एक बाउल लें. इसमें थोड़े से कटे हुए फल और ऊपर से एक चम्मच सूरजमुखी के बीज डाल लें. इससे आपको दिन की शुरुआत में ही करीब 4 से 5 mcg बायोटिन मिल जाएगा.
  2. दोपहर का खाना: लंच में दाल, रोटी के साथ सोयाबीन की सब्जी या मशरूम की भुर्जी शामिल करें. इसके साथ थोड़ी सी पालक वाली दाल या हरी सब्जी लें. इससे दोपहर में ही आपको 15 से 18 mcg बायोटिन आसानी से मिल जाता है.
  3. शाम का स्नैक: शाम के वक्त चाय के साथ तली-भुनी चीजें खाने के बजाए एक मुट्ठी भुनी हुई मूंगफली खाएं. इससे आपको 5 से 6 mcg बायोटिन मिल जाएगा.
  4. रात का खाना: रात को हल्का खाना खाएं, जिसमें उबली शकरकंद का सलाद या टोफू शामिल हो. साथ में सोने से पहले एक गिलास गुनगुना दूध पिएं. इस तरह दिनभर में आपके 30 mcg का कोटा बिना किसी दवा के पूरा हो जाएगा.

बालों को तेजी से लंबा और घना करने के घरेलू तरीके

डाइट के साथ अगर आप थोड़ी सी बाहरी देखभाल भी करेंगे तो बालों की लंबाई तेजी से बढ़ती दिखेगी.

  1. हफ्ते में दो बार नारियल या बादाम के तेल को हल्का गुनगुना करके उंगलियों के पोरों से सिर की मालिश करें. इससे बालों की जड़ों में खून का बहाव तेज होता है.
  2. गीले बालों में कंघी करने की गलती कभी न करें, क्योंकि उस वक्त जड़ें सबसे कमजोर होती हैं और बाल आसानी से टूट जाते हैं.
  3. बालों को हमेशा गुनगुने या ताजे पानी से धोएं. बहुत ज्यादा गर्म पानी स्कैल्प की नमी छीन लेता है जिससे डैंड्रफ और बाल झड़ने की समस्या बढ़ जाती है.
  4. बाहर निकलते समय तेज धूप और धूल-मिट्टी से बालों को सूती कपड़े से ढककर रखें.

अगर आप बिना किसी महंगे सप्लीमेंट के बालों को नैचुरल तरीके से लंबा, मजबूत और घना बनाना चाहते हैं, तो अपनी रोजमर्रा की थाली में इन शाकाहारी चीजों को नियमित रूप से जोड़ें. जब शरीर को सही पोषण अंदर से मिलता है, तो कुछ ही हफ्तों में बालों का गिरना बंद हो जाता है और उनकी चमक साफ नजर आने लगती है.

एक्सपर्ट के बारे में: डॉ. सैयद अहमद खान यूनानी चिकित्सा के वरिष्ठ विशेषज्ञ हैं. वे नई दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के यूनानी मेडिकल सेंटर में पूर्व डिप्टी डायरेक्टर एवं हेड रह चुके हैं. वर्तमान में वे दरीयागंज स्थित सदर यूनानी क्लिनिक में प्रैक्टिस करते हैं और श्वसन रोगों, पाचन संबंधी समस्याओं तथा लाइफस्टाइल डिजीज के यूनानी उपचार में विशेष अनुभव रखते हैं.

FAQs

Q1. बायोटिन क्या होता है?

बायोटिन एक बी-विटामिन (Vitamin B7) है, जो बालों, त्वचा और नाखूनों की सेहत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

Q2. क्या बायोटिन बालों को लंबा करने में मदद करता है?

बायोटिन केराटिन के निर्माण में मदद करता है, जिससे बाल मजबूत रहते हैं और उनकी ग्रोथ को सपोर्ट मिल सकता है.

Q3. रोजाना कितना बायोटिन लेना चाहिए?

वयस्कों के लिए प्रतिदिन लगभग 30 माइक्रोग्राम (mcg) बायोटिन की जरूरत बताई जाती है.

Q4. क्या शाकाहारी भोजन से बायोटिन की जरूरत पूरी हो सकती है?

हां, सोयाबीन, मूंगफली, मशरूम, सूरजमुखी के बीज, बादाम और ओट्स जैसे खाद्य पदार्थ बायोटिन के अच्छे शाकाहारी स्रोत हैं.

Q5. बाल झड़ने के पीछे केवल बायोटिन की कमी जिम्मेदार होती है?

नहीं, आयरन की कमी, तनाव, हार्मोनल बदलाव, खराब नींद और पोषण की कमी भी बाल झड़ने का कारण बन सकती है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food, Biotin, Vegetarian Food, Vitamin Rich Diet For Women
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com